बरेली: मेरठ के आरवीसी में आईवीआरआई के शोधार्थी करेंगे शोध
आईवीआरआई प्रबंधन और रिमाउंट वेटेनरी कॉर्प्स मेरठ के बीच साइन हुआ एमओयू
बरेली, अमृत विचार। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के शोधार्थी अब मेरठ के रिमाउंट वेटनरी कॉर्प्स सेंटर एंड काॅलेज (आरवीसी) में जाकर शोध कर सकेंगे। इसके लिए दोनों संस्थानों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
संस्थान निदेशक व कुलपति डाॅ. त्रिवेणी दत्त ने आईवीआरआई को वैश्विक रूप से सक्षम विश्वविद्यालय बनाने के लिए ज्ञान के आदान-प्रदान और संसाधन साझा करने के लिए अकादमिक संस्थानों के साथ अधिक से अधिक एमओयू की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आईवीआरआई और आरवीसी मेरठ के बीच इस अनुबंध से शोधार्थियों के लिए स्वान और घोड़ों पर रिसर्च करने का मौका मिलेगा। संयुक्त निदेशक अकादमिक डॉ. एसके मेंदीरत्ता ने पाठ्यक्रमों के लिए आरवीसी मेरठ के समर्थन के बारे में जानकारी दी और बीवीएससी और एएच के छात्रों के अनुभव के बारे में भी बताया।
आरवीसी के मेजर जनरल दीप अहलावत, वीएसएम ने अधिकारियों और कर्मियों के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों को आयोजित करने और मान्यता देने में आईवीआरआई के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ प्रशिक्षक, पशु चिकित्सा प्रशिक्षण कर्नल गगनदीप ने आरवीसीसी में चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में बताया। समझौता ज्ञापन के दौरान संयुक्त निदेशक डॉ. केपी सिंह, डॉ. एसके सिंह, डॉ. रूपसी तिवारी, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह और रजिस्ट्रार पीके जैन मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: सर्दी में भी बुखार नहीं हुआ कम, त्वचा रोगियों की बढ़ी संख्या
