लखनऊ: कपड़ा कारोबारी के मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
मुकदमा दर्ज होने के बाद नेपाल भाग गए था आरोपी
लखनऊ/आजमगढ़, अमृत विचार। आजमगढ़ के कपड़ा कारोबारी इश्तियाक को अगवा कर लूटपाट के मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर नाजिम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह साथी दिनेश गुप्ता के संग नेपाल भाग गया था। आरोपी नेपाल में छिपे बैठे थे।
एक दिन पूर्व नाजिम नेपाल से लखनऊ आया। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे दबोच लिया। हालांकि, इस मामले में बर्खास्त सिपाही धीरेन्द्र यादव, दिनेश गुप्ता और शेखर अभी भी फरार है। दो दिन पूर्व इन सभी लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारन्ट जारी हुआ था।
गौरतलब है कि गत 2 दिसम्बर को आजमगढ़ के कपड़ा कारोबारी इश्तियाक को अपहरण कर निरालानगर के एक गेस्ट हाउस में बंधक बनाकर रखा गया था। अपहरणकर्ताओं ने उससे रुपये और गर्म कपड़े छीनने के बाद परिजनों से 1.20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
जिसके बाद हसनगंज पुलिस ने थाने में दरोगा अनुराग द्विवेदी व हेड कांस्टेबिल युसूफ अली की भूमिका भी सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि वारदात में शामिल धीरेन्द्र, नाजिम उर्फ नसीम, दिनेश व शेखर की तलाश की जा रही थी। हिस्ट्रीशीटर नाजिम ने बताया कि मुकदमा दर्ज होते ही सभी लोग नेपाल भाग गए थे।
इसके बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर दिए थे।फिर नेपाल में अपने एक परिचित से मोबाइल लेकर वहां का नम्बर डाल लिया था। इस नए नम्बर से ही वह लोग अपने करीबियों के सम्पर्क में थे। नाजिम ने बताया कि बर्खास्त सिपाही धीरेन्द्र यादव ने सख्त हिदायत दी थी कि लखनऊ अथवा फरारी के समय अपने किसी करीबी से मोबाइल पर बात नहीं करना है।
समर्पण के लिये अगर लखनऊ आना पड़े तो भी अपने नम्बर नहीं चालू करने है। नाजिम ने नेपाल से तो अपने किसी दोस्त से बात नहीं की। उसने परिवार के बेहद करीबियों से दो-तीन बार ही नए नम्बर से बात की थी। इस नम्बर पर आने वाली कॉल वह नहीं रिसीव करता था।
यह भी पढ़ें:-Rail News: आज से लखनऊ-छपरा सहित 18 जोड़ी ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें
