लखनऊ: बाइक सवार युवकों ने कार सवार दूल्हा-दुल्हन पर किया हमला, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बारातियों ने तीन हमलावरों को पकड़कर पुलिस को सौंपा,  मानक नगर इलाके का मामला, दोनों पक्षों में हुआ समझौता

लखनऊ/ आलमबाग,अमृत विचार। मानकनगर इलाके में बाइक सवार युवकों ने कार सवार दूल्हा- दुल्हन पर पथराव कर दिया। पथराव में कार का शीशा टूट गया। हमले से दुल्हन समेत कार सवार दहशत में आ गये। इस बीच पीछे से पहुंचे बारातियों ने तीन हमलावरों को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थाने में दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद पुलिस ने हिरासत में लिये गये युवकों को छोड़ दिया। 

इंस्पेक्टर ने बताया कि शराब पीने को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद यह घटना हुई। सरोजनीनगर इलाके के बदाली खेड़ा निवासी ट्रांसपोर्टर पुरुषोत्तम त्रिवेदी ने बताया शनिवार को छोटे भाई प्रवीण त्रिवेदी की बारात आलमनगर पारा निवासी जगदीश तिवारी की बेटी दीक्षा तिवारी संग तालकटोरा के एक लॉन गयी थी।

रविवार सुबह लगभग 11 बजे दुल्हन की विदाई कराकर कार से लौट रहे थे। रास्ते में कनौसी ओवरब्रिज के समीप बाइक सवार अज्ञात युवकों ने दूल्हा- दुल्हन की कार पर पथराव कर दिया। चालक ने कार दौड़ा दी, जाे बाराबिरवा चौराहे पर जाम में फंस गयी। इस बीच पीछा कर पहुंचे बाइक सवारों ने कार का बांया शीशा तोड़ दिया। इससे कार सवार दुल्हन व अन्य महिलाएं दहशतजदा हो गईं।

पुरुषोत्तम त्रिवेदी का कहना है कि घटना की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लाेगों की मदद से तीन हमलावरों को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों को हिरासत में लिया। पुरुषोत्तम ने हमलावरों की करीब आधा दर्जन संख्या होने की बात कही। 

उन्होंने पुलिस को दिये शिकायती पत्र में आरोपियों द्वारा महिलाओं की चेन लूटने का आरोप लगाया है। मानकनगर थाना प्रभारी शिव मंगल सिंह ने बताया मामला संज्ञान में आया है। शिकायत की जांच की तो पता चला कि लान के समीप कुछ बराती शराब पीकर हुड़दंग कर रहे थे। 

विरोध करने पर बरातियों ने उनसे मारपीट भी की थी। इसकी सूचना ताल कटोरा पुलिस को दी गई थी। तब मामला शांत हो गया था। इसी मामले में बरात लौटते समय रास्ते में यह घटना हुयी। बताया कि दोनों पक्षों में सुलह समझौता कर लिया गया। इसके चलते हिरासत में लिये गये युवकों को छोड़ दिया गया।

यह भी पढ़ें:-Rail News: आज से लखनऊ-छपरा सहित 18 जोड़ी ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें

संबंधित समाचार