लखनऊ: शादी का झांसा देकर युवक ने प्रेमिका का किया यौन शोषण, केस दर्ज
मलिहाबाद/लखनऊ, अमृत विचार। माल थाना क्षेत्र अन्तर्गत प्रेमी शादीशुदा प्रेमिका को शादी का झांसा देकर अपने संग भगा ले गया। जिसके बाद वह प्रेमिका का यौन शोषण करने लगा। इसी बीच प्रेमिका को जानकारी हुई कि प्रेमी उसे धोखे में रख दूसरी शादी करने जा रहा है। तब वह विरोध करने लगी।
इसके बाद आरोपी प्रेमिका की आपत्तिजनक वीडियो और फोटोग्राफ को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल करने की धमकी देने लगा। जिसके बाद प्रेमिका ने प्रेमी पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए माल थाने में तहरीर दी। पुलिस ने छेड़खानी की धाराओं में प्रेमी समेत तीन लोगों को नामजद किया है।
माल प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, क्षेत्र के गांव की रहने वाली युवती (25) की शादी इसी वर्ष जून में रहीमाबाद में हुई थी, लेकिन उसका प्रेम-प्रसंग मलिहाबाद के भदेसरमऊ निवासी रंजीत से चल रहा था। आरोप है कि गत 9 नवम्बर को प्रेमी उसे शादी का झांसा देकर अपने संग भगा ले गया था। जिसके बाद महिला के पति ने रहीमाबाद थाने में रंजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इस मामले में रहीमाबाद पुलिस ने महिला को बरामद कर लिया था, लेकिन महिला ने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताते हुए ससुराल पक्ष वालों से मुह मोड़ लिया। इसके बाद वह मायके आकर रहने लगी। आरोप है कि रंजीत ने उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।
गत 27 नवम्बर को रंजीत उसे दुबग्गा स्थित जार्गस पार्क लेकर गया। जहां उसने नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। फिर शाम 6 बजे प्रेमी उसे गांव के बाहर छोड़कर चला गया। कुछ दिन बाद युवती को जानकारी हुई कि रंजीत किसी दूसरी जगह शादी करने जा रहा है, तो वह विरोध करने लगी। उसके बाद प्रेमी उसकी आपत्तिजनक वीडियो और फोटोग्राफ को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल करने की भी धमकी देने लगा।
प्रेमी की बातों से आहत युवती ने माल थाने में प्रेमी रंजीत और उसके दो भाईयों पर दुष्कर्म में सहयोग देने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की। युवती का आरोप है कि रविवार को माल पुलिस ने तहरीर बदलवाकर छेड़छाड़ की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। हर पहलुओं की गहनता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-Rail News: आज से लखनऊ-छपरा सहित 18 जोड़ी ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें
