लखनऊ: कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में हड़ताल जारी, कम पर जल्द वापस लौटेंगे डॉक्टर और कर्मचारी
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के चक गंजरिया स्थित कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान में सोमवार को शुरू हुई डॉक्टर की हड़ताल मंगलवार को भी जारी है। हालांकि सूत्र बताते हैं कि दोपहर बाद यह हड़ताल समाप्त हो सकती है और डॉक्टर तथा कर्मचारी कम पर लौट सकते हैं।
दरअसल कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान में तैनात डॉक्टर एसजीपीजीआई के समान वेतनमान की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे डॉक्टर के साथ संस्थान में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारी भी शामिल हो गए हैं। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की भी यह मांग है कि उन्हें भी एसजीपीजीआई के समान वेतनमान व अन्य सुविधाएं दी जाए।
कर्मचारियों के इस प्रदर्शन में शामिल होने से मरीजों की समस्याएं और बढ़ गई हैं। मरीजो को सोमवार के दिन भी इलाज नहीं मिल पाया था और आज मंगलवार को भी कई मरीज इलाज के लिए भटकते रहे हैं। बताया जा रहा है कि आज मंगलवार को दोपहर तक डॉक्टर तथा कर्मचारी वापस अपने काम पर लौट सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि मंगलवार को सुबह डिप्टी सीएम से भी डॉक्टरॉ ने मुलाकात की है और अपनी समस्या को उनके सामने रखा है, लेकिन वहां भी डॉक्टरों के हाथ मायूसी ही लगी है।
बता दें कि कल्याण सिंह सुपर स्पेशियालिटी कैंसर संस्थान में सोमवार को ओपीडी सेवाएं ठप हो गई थीं। इस दौरान केवल इमरजेंसी सेवा ही चालू रखी गई है। यहां तैनात डॉक्टर एसजीपीजीआई के समान वेतनमान समेत अन्य मांगों को लेकर डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे थे।
कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान में तैनात डॉक्टर लंबे समय से एसजीपीजीआई के समान सातवें वेतनमान देने की अपील शासन से कर रहे हैं, लेकिन शासन की तरफ से उनकी इस मांग को दरकिनार किया जा रहा है। यहां तैनात डॉक्टरों को अभी एसजीपीजीआई के समान ही छठे वेतनमान का लाभ मिल रहा है । डॉक्टर यह चाहते हैं कि आगे भी उन्हें एसजीपीजीआई के समान ही वेतनमान मिले, लेकिन शासन की मंशा कुछ और है।
शासन ने वेतनमान को लेकर नया आदेश जारी किया है। रविवार को उप सचिव एसपी सिंह की तरफ से शासनादेश जारी किया गया है। जिसमें कहा है कि संस्थान में तैनात डॉक्टर और कर्मचारियों को पूर्व की भांति वेतन भत्ते मिलते रहेंगे। जब तक न्यायालय का अंतिम फैसला नहीं आ जाता है। जबकि संस्थान के बायलॉज के अनुसार भविष्य में होने वाली भर्तियों में राज्य कर्मचारियों की तरह वेतनमान दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-बहराइच में भीषण सड़क हादसा: ट्राली में पीछे से घुसी कार, हेड कांस्टेबल समेत तीन की मौत
