IIIT के दीक्षांत समारोह में बोले सीएम योगी- डाटा सेंटर का केंद्र बन रहा UP

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि आज उत्तरप्रदेश डाटा सेंटर का केंद्र (हब) बन रहा है। उन्होंने कहा कि फरवरी 2023 में आयोजित ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ के माध्यम से प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसमें कई प्रस्ताव ‘सेमीकंडक्टर’ बनाने की इकाई और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण से संबंधित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवा इस क्षेत्र में अपना करियर बना सकते हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में भारत ने अपनी युवा ऊर्जा के लिए संभावनाओं के द्वारा खोले हैं। इसी का नतीजा है कि हर क्षेत्र में देश की तस्वीर बदली है। योगी आदित्यनाथ मंगलवार को भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया के अंदर एक बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरता हुआ दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2027 तक भारत की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन (5000 अरब) अमेरिकी डॉलर की बनाने का संकल्प देशवासियों के सामने रखा है। 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भी उस लक्ष्य के साथ एक ट्रिलियन (1000 अरब) अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। आज तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म का मतलब केवल उपासना विधि से नहीं है। भारतीय मनीषा ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने को धर्म माना है।

तैत्तिरीय उपनिषद में इस बात का उल्लेख है,‘सत्यं वद धर्मं चर’ यानी सत्य बोलो, धर्म का आचरण करो। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का उपयोग करके डिजिटल अस्पताल की दिशा में हम कदम बढ़ा सकते हैं। इससे ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन में परिवर्तन ला सकते हैं। समारोह में 315 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। 

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव ने EVM पर फिर उठाया सवाल, कहा- ईवीएम को लेकर जनता के मन में शंका...

संबंधित समाचार