बरेली: सड़क हादसे में घायल कारोबारी की मौत
रविवार रात अटल सेतु पर हुई थी दुर्घटना
बरेली, अमृत विचार। सड़क दुर्घटना में घायल व्यापारी सिद्धार्थ चंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से उनके परिजन सदमे में हैं।
कोतवाली के सिटी सब्जी मंडी में रहने वाले सिद्धार्थ चंद्र सौ फुटा रोड स्थित द सी स्टोन बरातघर के मालिक थे। 10 नवंबर को शाम 6 बजे वह बाइक से घर जा रहे थे। जब वह पटेल चौक से किला की ओर पुल पर मुडे़, तभी चौकी चौराहे की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान सोमवार रात उनकी सांसें थम गईं।
छोटे भाई सिद्धांत वीर ने बताया कि उनकी शादी एक वर्ष पहले हुई थी। सिद्धार्थ के परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि अटल सेतु पर दोनों ओर डिवाइडर होने चाहिए, जिससे वाहन रुक जाएं। पुल पर तिराहा होने के कारण अक्सर हादसे होते हैं। व्यापारी के अंतिम संस्कार में कई सामाजिक संगठनों के लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: केंद्र के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई मुहर- शहाबुद्दीन रजवी
