मुरादाबाद: करनपुर चौकी इंचार्ज निलंबित, दारोगा समेत छह लाइन हाजिर
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर हुई किसान की हत्या के मामले में थाना पुलिस फंस गई है। एसएसपी ने सख्त रवैया अपनाते हुए करनपुर चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया है। जबकि एक दारोगा समेत छह पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। मामला मूंढापांडे …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर हुई किसान की हत्या के मामले में थाना पुलिस फंस गई है। एसएसपी ने सख्त रवैया अपनाते हुए करनपुर चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया है। जबकि एक दारोगा समेत छह पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
मामला मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम महेशपुर भीला का है। बताते हैं कि गांव निवासी हरीओम की नाबालिग बेटी सामान लेने जा रही थी। रास्ते में राजवीर व बंटी पक्ष के लोगों ने छेड़खानी कर दी। जानकारी होने पर जब हरीओम ने विरोध किया तो उसे बुरी तरह से पीटा। बचाव में आए परिजनों के साथ भी मारपीट की। बताया जाता है कि सूचना मिलने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे आरोपी पक्ष के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने अगले ही दिन हरीओम के घर हमला बोल दिया।
आरोपियों ने हरीओम को इस कदर पीटा कि जिला अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद खफा परिजनों ने मूंढापांडे थाने के सामने शव रखकर जमकर हंगामा किया। इस मामले में सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। एसपी सिटी अमित आनंद ने इस संबंध में पुलिस की भूमिका की भी जांच कराई थी।
इसमें कई पुलिसकर्मी दोषी पाए गए थे। इस पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मूंढापांडे थानाध्यक्ष नवाब सिंह से जवाब-तलब करने के साथ ही जांच के आदेश दिए हैं। इसके अलावा करनपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार को सही कार्रवाई न करने पर निलंबित कर दिया है। वहीं, इसी चौकी पर तैनात दरोगा अश्विनी कुमार, सिपाही परमानंद, सुखनंदन, धीरेंद्र, मनोज कुमार व अतुल कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।
हत्थे नहीं लगे तीन आरोपी, दबिश जारी
किसान की हत्या के बाद जब परिजनों ने हंगामा किया तो पुलिस अफसरों के भी होश उड़ गए। आनन-फानन में एसपी सिटी अमित आनंद समेत भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई। हरीओम के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने महेशपुर भीला निवासी धर्मपाल, राजवीर, विकास, अमर सिंह, शरमा यादव, यशवीर और एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस ने धर्मपाल, राजवीर, अमर सिंह व शर्मा यादव को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
