पार्टनर की पत्नी से था युवक का अफेयर, पति ने धारदार हथियार से किये ताबड़तोड़ वार
ट्रामा सेंटर भेजे गए युवक की हालत गंभीर, भाई की तहरीर पर केस दर्ज
सूरतगंज / बाराबंकी, अमृत विचार। एक साथ मिलकर होटल का संचालन करने वाले एक पार्टनर का दूसरे की पत्नी से अफेयर शुरू हो गया। इसकी जानकारी पति को हुई तो उसने पार्टनर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जख्मी युवक को आनन-फानन में सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। भाई की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये पूरी घटना मोहम्मदपुर खाला थाने की सूरतगंज चौकी क्षेत्र की है। यहां पर चौकी के समीप वर्मा भोजनालय एंड महाकाल फास्टफूड कार्नर के नाम से होटल है। इसको सूरतगंज निवासी रामजी गुप्ता अपने पार्टनर ममटामऊ निवासी रामजी वर्मा के साथ मिलकर संचालित कर रहे थे। काफी समय से होटल संचालन के दौरान दोनों का एक दूसरे के घर आना जाना शुरू हो गया। राहुल की बातचीत रामजी की पत्नी से शुरू हो गई। दोनों में प्रेम-प्रसंग होने की जानकारी रामजी को हुई तो उसने बुधवार की सुबह धारदार हथियार से राहुल पर हमला कर दिया। इसके बाद आनन-फानन में राहुल को सीएचसी से जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घायल के भाई की तहरीर पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें -जन्म मृत्यु पंजीयन कार्यक्रम : सीएमओ ने दिए निर्देश, कहा - मृत्यु का कारण निर्धारित कर भेजें सटीक रिपोर्ट
