मुरादाबाद : 10 नई एंबुलेंस मिली, जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाई
चिकित्सा सेवा और बेहतर बनाने को मिलकर काम करें
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश सरकार से मिली 102 सेवा की 10 एंबुलेंस को बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि गंभीर मरीजों को इससे त्वरित व बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने डायल 102 सेवा की 10 एंबुलेंस का फीता काटकर लोकार्पण कर उन्हें रवाना किया। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर काम करें जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि यह एंबुलेंस गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को लाने-ले जाने (मदर चाइल्ड सर्विसेज) के प्रयोग में लाई जाती है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि 10 एंबुलेंसों के पुराने होने से मरीजों को लाने ले जाने में परेशानी हो रही थी। रास्ते में गति कम रहने से मरीज के इलाज में कई बार देर होती थी।
इसको देखते हुए शासन से एंबुलेंस मांगी गई थी। जिले में 102 सेवा के 24, 108 के 30 और एएलएस एंबुलेंस 3 हैं। इन नए वाहनों के आने से संख्या नहीं बढ़ी है। पुरानी की जगह नई एंबुलेंस मिल गई हैं। उन्होंने बताया कि रिस्पांस टाइम 102 सेवा की एंबुलेंस का सात मिनट, 108 का 9 मिनट है। शासन से अतिरिक्त एंबुलेंस की मांग कर रहे हैं। जिससे जनसंख्या के अनुपात में चिकित्सा सेवा को और बेहतर करने में सहूलियत हो सके। इस दौरान उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव बेलवाल, अरबन हेल्थ कोआर्डिनेटर प्रमोद कुमार सहित अन्य चिकित्साधिकारी व एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: बाजपुर मार्ग पर चेचिस ने कार को मारी टक्कर, पांच घायल
