PM Modi 17 दिसंबर को आएंगे काशी, सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम
वाराणसी, अमृत विचार। काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बाबा विश्वनाथ की नगरी में आगमन हो रहा है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार पीएम मोदी 17 और 18 दिसंबर को काशी प्रवास करेंगे। पीएम के आगमन से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी पहुँच रहे हैं। पीएम के आगमन से पूर्व उनकी सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किये गए हैं। प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
अपने दो दिवसीय दौरे में पहले दिन पीएम मोदी नमो घाट जाएंगे। वहां वे काशी तमिल संगमम में शामिल होने के साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे। नमो घाट के फेज-2 पर दोनों हेलीपैड पर जर्मन हैंगर लगाया गया है, इसमें तीन हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। प्रधानमंत्री रविवार को दोपहर बाद काशी पहुंचेंगे। छोटी कटिंग मैदान में विकसित भारत संकल्प यात्रा चौपाल में जाएंगे, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे। पीएम मोदी घाट पर लगे स्टाल देखेंगे। यहां पीएम सांस्कृतिक कार्यक्रम देखेंगे।
पीएम की सुरक्षा के मद्देनजर घाट पर सेफ हाउस तैयार हो गया है। पंडाल तक लोगों के आगमन के लिए आदि केशव घाट की तरफ से रास्ता बनाया जा रहा है। नमो घाट के बाकी कार्य, रंग रोगन आदि पूरा किया जा रहा है। तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम, एडीसीपी चंद्रकांत मीणा, एसीपी अमित पांडेय कार्यक्रम स्थलों का अवलोकन कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें -दो दिवसीय दौरे पर आज वाराणसी आएंगे CM योगी, PM मोदी के आगमन की परखेंगे व्यवस्था
