लखनऊ : पेंशन न मिलने से जल निगम कर्मचारियों की हालत दयनीय, दैनिक जीविका तक चलाना मुश्किल
लखनऊ, अमृत विचार। जल निगम (नगरीय) में सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं अधिकारियों को जुलाई 2023 से पेंशन नहीं मिली है। पेंशन न मिलने से उनके घर की हालत इतनी दयनीय है कि दैनिक जीविका चलानी भी मुश्किल हो गया है। 15 से 30 हजार तक पेंशन पाने वाले कर्मचारियों को अब यह चिन्ता है कि अपने मां- बाप एवं बच्चों का पेट कैसे भरें।
कर्मचारियों के मुताबिक कर्मचारी जब भी प्रशासन प्रबन्ध निदेशक से बात करने जाते हैं तो पिछले दो-तीन साल से आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। पिछले छह माह का पेंशन देना बाकी है। जब से जल निगम को दो भाग में कर दिया गया तब से समस्या और बढ़ गयी है। हम सब की मांग है कि नगरीय और ग्रामीण दोनों की पेंशन बराबर की जाए। अगर ये सम्भव नहीं है तो समस्त कर्मचारी एवं अधिकारी को (नगरीय) से हटा के ग्रामीण में कर दिया जाए जिससे सभी कर्मचारी को पेंशन का भुगतान हो सके। पेंशन न पाने वाले कर्मचारियों में सुरेश चन्द्र जायसवाल, सहज राम सैनी, जेपी थापा, शिवशंकर तिवारी, माधवश्याम और संतोष आदि लोग शामिल रहे।
ये भी पढ़ें -सड़क सुरक्षा पखवाड़ा : जागरूकता के साथ काउंसिलिंग और हेल्थ चेकअप भी कराएगा परिवहन निगम
