मृतक महिला की आंखें निकाले जाने के मामले में बदायूं सीएमओ को डिप्टी सीएम ने किया निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। यूपी के बदायूं जिले में तैनात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय को निलंबित कर दिया गया है। डॉ प्रदीप वाष्र्णेय को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर निलंबित किया गया है। डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय से संबध कर दिया गया है।

दरअसल उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक मृतक महिला का पोस्टमार्टम हुआ था। इसके बाद आरोप लगा कि महिला की दोनों आंखें गायब हो गई है। इस मामले में पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करने वाले दोनों डॉक्टरों से पूछताछ की और महिला के परिजनों की तहरीर के आधार पर एफआईआर भी दर्ज किया है। इसी मामले में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए बदायूं के सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय को निलंबित कर दिया।

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि बदायूं में मृतक महिला के पोस्टमार्टम के दौरान उसकी आँखे निकाले जाने के आरोपों संबंधी अत्यंत दुःखद प्रकरण को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया। मेरे द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बदायूं को अपने दायित्वों व कर्तव्यों के प्रति लापरवाही करने व प्रशासनिक नियंत्रण शिथिल होने के परिणाम स्वरूप तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

साथ ही इनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही करने व निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य से आरोपों की जांच कराए जाने के भी निर्देश प्रमुख सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को दिए गए हैं। इसके अलावा प्रथम बार पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों एवं कार्मिकों का विवरण उपलब्ध कराये जाने के लिए अपर निदेशक, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण बरेली मंडल को निर्देश दिये हैं। स्वास्थ्य विभाग में अपराध कारित करने वालों व ऐसे घृणित कृत्य करने वालों का कोई स्थान नहीं। इस प्रकरण में संलिप्त सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: राममंदिर ट्रस्ट ने जारी की गृह मंडप और गर्भगृह के मुख्य द्वार की पहली तस्वीर

संबंधित समाचार