बदायूं: ट्रैक्टर और बोलेरो की भिड़ंत में युवक की मौत
बदायूं,दातागंज,अमृत विचार : कोतवाली दातागंज क्षेत्र में ट्रैक्टर और बोलेरो की भिड़ंत होने से बोलेरो चालक की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर कोतवाली में खड़ा कराया है जबकि उसका चालक फरार हो गया। घायल को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
जिला शाहजहांपुर के थाना कलान क्षेत्र के गांव धर्मपुर सतरा निवासी रिजवान (25) नत्थू खां अपने पास के गांव लालपुल बडेरा निवासी निजार की बोलेरो चलाते थे। गुरुवार को वह निजार के साथ किसी काम से बरेली गए थे। वापसी में देर हो गई थी। रात लगभग 11 बजे वह बोलेरो से वापस लौटकर घर जा रहे थे। कोतवाली दातागंज क्षेत्र में बरेली मोड़ पर सामने से आए ट्रैक्टर से बोलेरो टकरा गई। बोलेरो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
रिजवान की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो मालिक निजार घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायल को दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने रेफर कर दिया। इसी दौरान परिजन भी पहुंच गए। वि निजार को बरेली के अस्पताल ले गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
ये भी पढ़ें - बदायूं: पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव की आंखें निकालीं, परिजनों ने अंग तस्करी का लगाया आरोप
