लखनऊ: शादी से किया इनकार तो Social Media पर वायरल की आपत्तिजनक फोटो, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। पीजीआई थानाक्षेत्र अन्तर्गत सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी की पुत्री पर एक युवक ने जबरन शादी करने का दबाव डाला। पीड़िता के इनकार करने पर आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक फोटो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दी। परिचितों के माध्यम से पीड़िता को आरोपी की करतूत पता चली। जिसके बाद पीड़िता पिता को लेकर पीजीआई थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए एफआईआर दर्ज कराई।

प्रभारी निरीक्षक बृजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक, क्षेत्र के रेजिडेंशियल अपार्टमेंट निवासी सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी की ओर से लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें पीड़ित ने बताया कि उनकी पुत्री (23) बीबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। आरोप है कि बीते कई दिनों से विकास चौबे नामक युवक उनकी पुत्री को परेशान कर रहा है। पुत्री के घर से कॉलेज जाते वक्त सरेराह छेड़खानी भी करता है।

इसी बीच आरोपी ने पुत्री से शादी करने के लिए दबाव बनाया, लेकिन उसके प्रस्ताव को पुत्री द्वारा ठुकरा दिया गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पुत्री से बदसुलूकी करते हुए धमकी दी। तंग आकर पीड़िता ने पिता को आपबीती सुनाई। हिदायत देने पर आरोपी अलग-अलग नंबरों से कॉल कर पीड़िता को परेशान करने लगा। आरोप है कि पुत्री की तरफ से जवाब न मिलने पर आरोपी ने इंस्टाग्राम पर पुत्री की आपत्तिजनक फोटो वायरल कर दी। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-पापा आ जाओ, एक बार देख लूं, नहीं तो... मैसेज के कुछ देर बाद मिली बेटी की मौत की सूचना, जानें पूरा मामला

 

संबंधित समाचार