रामपुर : फरार चल रहे दुष्कर्म  के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव खेड़ा के गजरौला चौराहा पर हुई घटना, 10 हजार का इनामी भी है आरोपी पप्पू , दोनों का जिला अस्पताल में कराया जा रहा उपचार

घायल अवस्था में बदमाश को ले जाती पुलिस।

रामपुर,अमृत विचार। किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहा 10 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। इस घटना में एक सिपाही भी घायल हुआ है। जिला अस्पताल में दोनों का उपचार चल रहा है।

टांडा थाना क्षेत्र के गांव खानपुर गर्वी निवासी पप्पू चार दिसंबर को एक किशोरी का अपहरण कर ले गया था। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को बरामद किया था। उसके बयानों के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी थी, लेकिन आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पप्पू पर 10 हजार का इनाम घोषित किया था।

शुक्रवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि दुष्कर्म का आरोपी गांव खेड़ा के गजरौला चौराहा पर खड़ा है। इस सूचना के बाद टांडा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी पप्पू के पैर में गोली लग ग, जिससे वह घायल हो गया। इस मुठभेड़ में टांडा थाने में तैनात सिपाही अंकित कुमार भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

काफी समय से आरोपी किशोरी को कर रहा था परेशान
पुलिस का कहना है कि आरोपी किशोरी को काफी समय से परेशान कर रहा था। कुछ दिन पहले उसका अपहरण भी करके ले गया था। पुलिस ने छापेमारी करके उसको बरामद कर लिया था। किशोरी को आते जाते समय भी परेशान किया करता था। पुलिस को आरोपी के पास से तमंचा चार कारतूस भी बरामद हुए।

सीओ ने पुलिस की दो टीमों का किया था गठन
सीओ टांडा ओमकार नाथ शर्मा ने आरोपी को पकड़ने के लिए दो टीमों का गठन किया था। जिसमें एक टीम में टांडा इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह पचौरी, दूसरी टीम में दरोगा पंकज कुमार और दो सिपाहियों को शामिल किया गया था। जिसके बाद दोनों टीमें ही आरोपी को काफी दिनों से तलाश रही थी। शुक्रवार रात को उसको मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया।

किशोरी के अपहरण के मामले में फरार चल रहे 10 हजार के इनामी बदमाश को टांडा पुलिस ने मुठभेड़ के पैर में गोली मार घायल कर दिया। इस दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया। बदमाश का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। - राजेश द्विवेदी, एसपी।

ये भी पढ़ें : रामपुर : छुट्टा पशुओं को स्कूल में बंद करना ग्रामीणों को पड़ा भारी, एक नामजद समेत 20 पर केस

संबंधित समाचार