Kanpur News: मनोरोग विभाग के निर्माण को मिली पहली किस्त, हैलट अस्पताल में बाल रोग के सामने तीन मंजिला बनेगा विभाग
कानपुर के हैलट अस्पताल में बाल रोग के सामने तीन मंजिला बनेगा विभाग।
कानपुर के हैलट अस्पताल में बाल रोग के सामने तीन मंजिला बनेगा विभाग। मनोरोग विभाग के निर्माण को मिली पहली किस्त मिली।
कानपुर, अमृत विचार। हैलट अस्पताल में बाल रोग के सामने तीन मंजिला मनोरोग विभाग बनाने का प्रस्ताव शासन ने मंजूर कर लिया है। निर्माण के लिए विभाग को पहली किस्त भी स्वीकृत कर दी गई है।
अभी मनोरोगियों का इलाज व परामर्श ओपीडी में किया जाता है। अगर कोई मानसिक रोगी गंभीर स्थिति में आता है तो उसके लिए अलग वार्ड की सुविधा नहीं है, ऐसे में उसे अन्य मरीजों के साथ वार्ड में रखा जाता है, जिसकी हरकतें देखकर अन्य मरीजों व तीमारादारों को काफी परेशानी होती है।
इसलिए मनोरोग विभागाध्यक्ष प्रो.धनजंय चौधरी ने बाल रोग के सामने तीन मंजिला मनोरोग विभाग बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था, जिसपर शासन की मुहर लग गई है। निर्माण के लिए पहली किस्त स्वीकृत कर दी गई है।
निर्माण के बाद हैलट में मनोरोगियों को आरटीएमएस थेरेपी निशुल्क दी जाएगी। हैलट अस्पताल की मनोरोग विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन 20 से 30 मरीज पहुंचते हैं, जिसमें अवसाद ग्रस्त, एंजाइटी, सीजोफ्रेनिया, बाई पोलर समेत अन्य मनोरोगों के रोगी शामिल होते हैं।
कई को रिकरंट ट्रांसक्रेनियल मैगनेटिक स्टीमुलेशन (आरटीएमएस) की जरूरत होती है। यह थेरेपी हैलट में नहीं होने से रोगियों को निजी क्षेत्र का सहारा लेना पड़ता है, जिसके लिए उनको एक सेशन पर दो से ढाई हजार रुपये चुकाने पड़ते हैं। रोगी को 20 से 24 सेशन लेने होते हैं। रुपये अधिक खर्च होने की वजह से कई रोगी तो थेरेपी बीच में ही छोड़ जाते हैं।
अब रोगियों को निजी क्षेत्र में जाकर हजारों रुपये थेरेपी के लिए खर्च नहीं करने होंगे क्योंकि मनारोग विभाग में ही अब यह चुंबकीय थेरेपी निशुल्क मनोरोगियों को मिल सकेगी।
मनोरोग विभाग में जल्द ही रोगियों को आरटीएमएस थेरेपी की सुविधा निशुल्क मिलेगी। हैलट में मनोरोग विभाग का उच्चीकृत भवन तैयार किया जा रहा है। विभाग में फैकल्टी सदस्यों के पद भी शासन ने सृजित कर दिए हैं। शासन के वित्त विभाग ने प्रस्ताव पास करके पहली किस्त को स्वीकृत कर दिया है। साल भर में रोगियों को सुविधाएं दी जाने लगेंगी।- प्रो.धनंजय चौधरी, विभागाध्यक्ष मनोरोग विभाग, मेडिकल कॉलेज, कानपुर नगर
