Kanpur Crime: स्कूटी सवार बुआ-भतीजे के साथ लाखों की लूट, बदमाशों ने विरोध पर तमंचे की बट मारी
कानपुर में स्कूटी सवार बुआ-भतीजे के साथ लाखों की लूट।
बिठूर में रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर लौट रहे बुआ-भतीजे की स्कूटी में टक्कर मारकर पल्सर सवार तीन लुटेरों ने नगदी समेत लाखों के जेवरात लूट लिए।
कानपुर, अमृत विचार। बिठूर में रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर लौट रहे बुआ-भतीजे की स्कूटी में टक्कर मारकर पल्सर सवार तीन लुटेरों ने नगदी समेत लाखों के जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने दोनों के सिर में तमंचे की बट मार कर फायरिंग करते हुए लुटेरे फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी पर एडीसीपी वेस्ट, बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
मंधना निवासी राजेश सिंह बीएसफ में सिलीगुड़ी में तैनात है। पत्नी सुधा व कन्नौज निवासी भतीजा उत्कर्ष उनके साथ रहता है। सुधा ने बताया कि उत्कर्ष उनके साथ रहकर मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज में डीफार्मा की पढ़ाई कर रहा है।
शुक्रवार को सुधा अपने भतीजे उत्कर्ष के साथ अपने मामा की बेटी प्रियंका की शादी समारोह में शामिल होने के लिए स्कूटी से टिकरा गए हुए थे। देर रात सुधा व उत्कर्ष वापस लौट रहे थे, दोनों बंभ्भियांन गांव पहुंचे ही थे।
तभी पीछे से आए पल्सर बाइक सवार तीन लुटेरों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। सुधा ने बताया कि लुटेरों ने उनकी चेन, चार अंगूठी, दो मोबाइल समेत करीब पांच हजार नगदी लूट ली।
भतीजे उत्कर्ष ने घटना का विरोध किया तो लुटेरों ने दोनों के सिर पर तमंचे की बट मार कर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरों दो फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। फायरिंग की सूचना पर
थाना प्रभारी अतुल कुमार, एडीसीपी वेस्ट आकाश पटेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने फायरिंग की घटना से इंकार किया। एडीसीपी वेस्ट ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश में तीन टीमें लगाई गई है।
