लखनऊ: निकायकर्मियों की मांग नहीं हो रही पूरी, प्रदर्शन कर दी चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में निकायकर्मी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन उनकी मागों की अनदेखी होती रही। जिससे आक्रोशित होकर शनिवार को एक बार फिर निकायकर्मियों ने प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के आवाहन पर आज पूरे प्रदेश के निकायों में एक दिवसीय सांकेतिक कार्यबन्दी कर्मचारियों ने की है। साथ ही मुख्यमंत्री को अपनी मांगों का ज्ञापन भेजा है। वहीं लखनऊ स्थित नगन निगम मुख्यालय पर जुटे कर्मचारियों के साथ अन्य कर्मचारी संगठनों ने अपना सर्मथन दिया है।

उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र की माने तों निकाय कर्मियों के मौलिक अधिकार, सेवा संबंधी प्रकरण, सेवा नियमावली, वेतन विसंगति, कर्मचारियों की पदोन्नति, संवर्गों का पुर्नगठन समेत 13 सूत्रीय मांगे हैं। इस पर अधिकारियों के साथ वार्ता हुई और सहमति भी बन चुकी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

03

अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र ने बताया है कि सैकड़ों आन्दोलन, धरना-प्रदर्शन और प्रमुख सचिव नगर विकास के साथ हुई बैठक के बाद लम्बित प्रकरणों पर बनी सहमति पर भी समय रहते न कोई समाधान हुआ और न ही कोई आदेश जारी किए गए हैं। जिसके चलते आज एक बार फिर निकायकर्मियों ने आन्दोलन किया है। उन्होंने कहा है कि नगर विकास मंत्री भी कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जो प्रदेश के निकाय कर्मियों को एक बड़े आन्दोलन की ओर प्रेरित कर रहा है।
   
महासंघ ने आज सांकेतिक कार्यबन्दी की है, परन्तु निकट भविष्य में यदि सरकार व शासन ने 13 सूत्रीय मांगों के एक एक बिंदु पर आदेश नहीं जारी किया, तो प्रदेश की सभी सेवाएं जिसमें कूड़ा निस्तारण, सफाई व्यवस्था, वाटर सप्लाई, स्ट्रीट लाइट, मीनिस्ट्रीयल सेवाओं को बन्द करने पर विवश होंगे।
   
बताया जा रहा है कि लखनऊ सहित कानपुर, गाजियाबाद, गोरखपुर, वाराणसी,मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, प्रयागराज, फिरोजाबाद, आगरा,टुंडला, अलीगढ़, गाजियाबाद समेत प्रदेश के सभी निकायों में पूर्ण कार्यबन्दी करके धरना-प्रदर्शन किया गया है। 
  
लखनऊ में सै. कैसर रजा, रामकुमार रावत, सूरज भान सिंह, शैलेश कुमार धानुक, शैलेन्द्र तिवारी, नितिन त्रिवेदी, रूपेश कुमार पिंटू, सुमित कुमार,राम औतार, राहुल कनौजिया के साथ प्रदर्शन में सैंकड़ों कर्मचारी शामिल रहे। वहीं इस प्रदर्शन का उत्तर प्रदेश नगर निगम कर्मचारी संघ व नगर निगम कर्मचारी संघ समेत अन्य संगठनों ने अपना समर्थन दिया गया।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: छात्राओं को बांटे गए Smartfone, बोले नपा. अध्यक्ष- तकनीकी शिक्षा से जुड़कर सशक्त बनेंगी छात्राएं

संबंधित समाचार