Unnao News: एक दर्जन मवेशियों की संदिग्ध हालत में मौत, दबंगों पर मवेशियों को जहर देकर मारने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में एक दर्जन मवेशियों की संदिग्ध हालत में मौत।

उन्नाव में एक दर्जन मवेशियों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। फसल बचाने को दबंगों पर मवेशियों को जहर देकर मारने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस व डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम के बाद दफन कराया।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव अंतर्गत अचलगंज थानाक्षेत्र की कटरी में चरने गए एक दर्जन जानवरों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गंगा रेती पर दशकों से अवैध कब्जा किए युवकों ने फसल बचाने के लिये मवेशियों को जहर देकर मार दिया है।

ग्रामीणों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज व हवाई फायरिंग करते हुये गंगा पार चले गये। सूचना पर पहुंची पुलिस व डॉक्टरों की टीम ने मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराने बाद दफन करवा दिया। घटना को लेकर पूरे कटरी क्षेत्र के ग्रामीण किसानों में रोष है।

बता दें कि अचलगंज थानांतर्गत गंगा कटरी स्थित मालमऊ गांव में बीती शाम मवेशी कटरी में चरने गये थे। आरोप है कि वहां दबंगों ने अमरूद में जहर मिलाकर मवेशियों को खिला दिया। जिससे कुछ की मौके पर ही मौत हो गयी तथा कुछ गांव पहुंचने पर तड़प-तड़प कर मरने लगे। घटना की सूचना कोलुहागाड़ा चौकी पुलिस को दी गई।

मौके पर दरोगा रामनिवास यादव पहुंचे तो घटना को अंजाम देने वाले युवक गाली-गलौज व हवाई फायरिंग करते हुए गंगा पार भाग गए थे। ग्राम प्रधान प्रेम शंकर चौहान की मानें तो 10 साल में दर्जनों बार तहसील से लेकर समाधान दिवस तक प्रार्थनापत्र दिया जा चुका है। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घटना की सूचना पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एसएम प्रसाद, डा. दिनेश सचान, डा. शरद शाक्य व नरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और 8 मवेशियों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर जेसीबी से गड्ढा करवा दफन कराया।

ग्रामीणों में कल्लू, दिनेश, सुरेंद्र, गंगासागर, लल्लू व रामसनेही की मानें तो अभी कई मवेशी मरे पड़े हैं तथा आधा दर्जन पालतू मवेशियों का इलाज चल रहा है। कई मृत मवेशियों को पुलिस द्वारा जेसीबी से जंगल में दफन करवा देने की चर्चा ग्रामीणों में रही। एसओ प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- UP: मासूम का कलेजा खाने वाले दंपति समेत चार को कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा, तंत्र-मंत्र के चक्कर में की थी दिल दहलाने वाली घटना

संबंधित समाचार