बरेली: निलंबित और निष्कासित बिजली कर्मियों को बहाल किया जाए 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की कार्यशाला में बोले क्षेत्रीय सचिव

बरेली,अमृत विचार: विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने शनिवार को मुख्य अभियंता कार्यालय के कांफ्रेंस हाल में बिजली व्यवस्था में सुधार, उपभोक्ता सेवा, कार्मिक कल्याण, बेहतर प्रशासन एवं शासन सामंजस्य के लिए कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें ऊर्जा मंत्री से आंदोलन के दौरान निलंबित एवं निष्कासित किए गए स्थाई और संविदा कर्मियों को बहाल करने की मांग उठाई गई, ताकि बिजली व्यवस्था सुचारू रखने और सुधार में उनका योगदान लिया जा सके।

क्षेत्रीय सचिव उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ गौरव शर्मा ने कहा है कि निलंबित और निष्कासित बिजली कर्मी अपने क्षेत्र में बहुत अच्छा अनुभव रखते हैं। ऐसे में सभी निलंबित बिजली कर्मचारियों को बहाल कर निष्कासित संविदा कर्मियों को सेवा में लेकर बिजली व्यवस्था बनाए रखने के कार्य में उनकी सेवाएं ली जाएं।

बिजली मजदूर संगठन के महामंत्री सुहैल आबिद ने कहा है कि निलंबित एवं निष्कासित बिजली कर्मचारियों पर किसी वित्तीय अनियमितता या कार्य में लापरवाही का कोई आरोप नहीं है। मात्र संवैधानिक आंदोलन के कारण इन कर्मचारियों को निष्कासित किया गया है।

संघर्ष समिति के सह संयोजक राजेंद्र प्रसाद घिल्डियाल ने कहा है कि सभी कर्मी दिन रात बिजली व्यवस्था बनाए रखने के कार्य में जुटे रहते हैं। ऐसे में निलंबित और निष्कासित कर्मियों को बहाल कर उनकी सेवा लेना प्रबंधन की प्राथमिकता होनी चाहिए। जिला सचिव मंजीत सिंह ने भी विचार रखे।

लखनऊ से इं. जितेंद्र सिंह गुर्जर, महासचिव अभियंता संघ, प्रेमनाथ राय कार्यवाहक अध्यक्ष उत्तर प्रदेश बिजली इंप्लाइज यूनियन, इं. सतीश जायसवाल, रविंद्र, कुमार मनोज सिंह, महेश गंगवार, पीयूष कुमार आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - बरेली: बीडीए ने की धौरेरा माफी में अवैध काॅलोनी ध्वस्त

संबंधित समाचार