Kanpur News: सोना लेकर फरार संपत लवेटे का साथी महेश मस्के गिरफ्तार... पुलिस कर रही इंकार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर में सोना लेकर फरार संपत लवेटे का साथी महेश मस्के गिरफ्तार।

कानपुर में सोना लेकर फरार संपत लवेटे का साथी महेश मस्के गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी क्राइम के पहुंचते ही सफलता मिली। लेकिन पुलिस इंकार कर रही है।

कानपुर, अमृत विचार। बजरिया थानाक्षेत्र के बेकनगंज इलाके से करोड़ों का सोना लेकर भागने के मामले में डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल के पहुंचते ही पहली सफलता मिली है। पुलिस ने फरार शातिर कारीगर संपत लवेटे के साथी महेश मस्के को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है। लेकिन कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तारी से साफ इन्कार किया। 

बेकनगंज सर्राफा बाजार में पुराने सोने के आभूषणों को गलाने के लिए यहां के तमाम करोबारी पिछले 25 से 30 सालों से महाराष्ट्र के सांगली जनपद के नागराले के रहने वाले संपत राव लवेटे नाम के कारीगर को अपना सोना देते थे। संपत और उसका साथी महेश मस्के 15 दिन पहले कारोबारियों का करोड़ों का सोना लेकर लापता हो गए थे।  

इसके बाद बजरिया थाने में संपत, महेश व उसके साथी सूरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की निगरानी कर रहे ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर अपराध व मुख्यालय नीलाब्जा चौधरी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन कर महाराष्ट्र को रवाना किया था। महेश और संपत की तलाश में एसआईटी महाराष्ट्र में डेरा डाले हुए है।

पुलिस को वहां की भाषाई दिक्कत हो रही थी। जिस पर डीसीपी सलमान ताज पाटिल को गुरुवार को महाराष्ट्र भेजा गया था। इसके बाद एसआईटी ने स्थानीय पुलिस के साथ कोल्हापुर में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कई संदिग्धों को उठाया था। इधर बजरिया थाने में एक और कारोबारी ने संपत और महेश के खिलाफ सोना भाग ले जाने की दूसरी एफआईआर दर्ज कराई। साथ ही एक कार और स्कूटी ले जाने का आरोप लगाया था।

शुक्रवार को भी दिनभर पुलिस कई जिलों में खाक छानती रही लेकिन कुछ भी हासिल नहीं हुआ। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार को दोपहर में डीसीपी के नेतृत्व में महेश मस्के की सूचना मिली। जिस पर सांगली में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है। इस संबंध में संयुक्त पुलिस आयुक्त क्राइम एवं मुख्यालय नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। टीम लगी हुई है, जल्द सफलता मिल जाएगी।

ये भी पढ़ें- Happy New Year 2023: न्यू इयर सेलिब्रेशन दुबई पसंदीदा डेस्टिनेशन, गोवा और दक्षिण भारत घूमने की तैयारी

संबंधित समाचार