मुरादाबाद : 'प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस निकाल रही यूपी जोड़ो यात्रा'
20 को सहारनपुर से निकलेगी यात्रा, 25 को मुरादाबाद पहुंचेगी, लखनऊ तक जाएगी
यूपी जोड़ो यात्रा को लेकर बैठक में जानकारी देते पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक संजय कपूर, साथ में जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा व अन्य।
मुरादाबाद। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक संजय कपूर ने कहा कि देश व प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्य खतरे में है। अराजकता का माहौल है। इसे देखते हुए राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली। इसी प्रकार अब कांग्रेस यूपी में लोकतंत्र की रक्षा के लिए यूपी जोड़ो यात्रा निकाल रही है।
पूर्व विधायक संजय कपूर डिप्टी गंज स्थित एक बैक्वेट हाल में इस यात्रा की सफलता के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी देकर यात्रा को सफल बनाने के लिए आह्वान करने के लिए आयोजित बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सहारनपुर से 20 दिसंबर को यूपी जोड़ो यात्रा शुरू होगी। जो 25 को मुरादाबाद पहुंचेगी। यहां से होकर आगे बढ़ेगी और लखनऊ तक जाएगी। जहां इसका समापन होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के मार्गदर्शन में यह यात्रा निकाली जा रही है। इससे आमजन भी जुड़ेंगे। यात्रा के लिए उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को पूरे मनोयोग से जुड़ने के लिए कहा। उन्होंने जिले के पदाधिकारियों को यात्रा के उद्देश्य को जनता को बताकर इसमें उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराकर यूपी जोड़ो यात्रा को पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए जुट जाने का आह्वान किया।
कांग्रेस के नेताओं के आपसी मतभेद के सवाल पर कहा कि यह आंतरिक मामला है। किसी को शिकायत होगी तो दूर करा लिया जाएगा। बैठक में जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा, पूर्व अध्यक्ष देशराज शर्मा, भयंकर सिंह बौद्ध, राजेंद्र वाल्मीकि के अलावा जिला, महानगर व विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : जिगर कॉलोनी में खतरनाक स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, सूचकांक 346 प्रतिघन मीटर
