मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में गायब मिली आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम - रोका वेतन
भेटुआ ब्लाक के पीएचसी शिवगंज का सीएमओ ने किया था औचक निरीक्षण
अमेठी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला की स्थिति ठीक होने का नाम नहीं ले रही है। चंद स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही मरीजों पर भारी पड़ रही है। रविवार को आयोजित मेला का जायजा मुख्य चिकित्साधिकारी ने लिया तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगंज पर एएनएम, आशा, आंगनबाडी व एलए गायब मिले। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर अनुपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन रोक दिया गया, और कड़ी चेतावनी दी गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अंशुमान सिंह ने रविवार को 12 बजकर 20 मिनट पर भेटुआ ब्लाक के शिवगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान आशा देवी आशा, सुनील कुमार वर्मा एलए, आंगनबाड़ी में श्यामपती, रेखारानी, अमरावती, उर्मिला व संविदाकर्मी एएनएम राशिदा बानो अनुपस्थित मिले। अस्पताल में गंदगी मिलने पर सीएमओ ने फटकार लगाई। जिस पर सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन रोक दिया। सीएमओ डॉ अंशुमान सिंह ने बताया कि संविदाकर्मी को लेकर 7 लोगों का वेतन रोका गया है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी और आशा बहू भी मौजूद नहीं मिली हैं, जिस पर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई है। सीएमओ ने बताया कि चिकित्सक और कर्मचारी मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले को गंभीरता से लेकर मरीजों को परामर्श दें। किसी भी कीमत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में आये हुए 26 मरीजों का इलाज किया गया है।
ये भी पढ़ें -अमेठी में धूमधाम से संपन्न हुआ श्रीराम विवाह, निकली शोभायात्रा
