Banda: हरे बांस मंडप छाए, सियाजू को राम ब्याहन आए, विवाह पंचमी के मौके पर नगर में गाजे-बाजे संग निकली श्रीराम की बरात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में विवाह पंचमी के मौके पर नगर में गाजे-बाजे संग श्रीराम की बरात निकली।

बांदा में विवाह पंचमी के मौके पर नगर में गाजे-बाजे संग श्रीराम की बरात निकली। इस दौरान बरात का कई स्थानों पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

बांदा, अमृत विचार। विवाह पंचमी के पावन पर्व पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की बरात बैंडबाजे और झांकियों के साथ शहर में धूमधाम के साथ निकली गई। इस दौरान बरात का कई स्थानों पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। लोगों ने पुष्प वर्षा कर बरात में शामिल श्रद्धालुओं की जोरदार अगुवानी की।

करीब एक किलोमीटर लंबी बारात में एक से बढ़कर एक कई मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सड़क किनारे खड़े होकर एक नजर झांकियां देखने के लिए लोग घंटों इंतजार करते रहे। राम बारात भक्तों की भीड़ के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर पैर रखने जगह नहीं थी। बारात के दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहता था।

बांदा (10)

विवाह पंचमी पर राम विवाह को लेकर भक्तों में भारी उत्साह नजर आया। रविवार को बन्योटा स्थित अयोध्यावासी वैश्य श्रीराम मंदिर से महेश्वरी देवी, चौक बाजार, कोतवाली रोड, छिपटहरी, छोटी बाजार और कैलाशपुरी होते हुए मंदिर पहुंच कर बारात का ठहराव हुआ। बारात में सबसे आगे प्रजाजन श्रीराम की धर्मध्वजा लेकर चल रहे थे तो इनके पीछे दर्जनों लोग रघु कुल का प्रतीक चिन्ह लिए मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जयकारे लगा रहे थे।

ठीक उनके पीछे घोड़ों पर सवार रामभक्त हाथों में धर्मध्वजा लेकर बरात की शोभा बढ़ा रहे थे। इसके अलावा रथों पर सजाई गईं देवी-देवाओं की झांकियों के दर्शन करने भक्तों की भीड़ उमड़ रही थी। झांकियों के बीच भगवान की भक्ति में लीन होकर बैंडबाजों की धुन पर राम भक्त जमकर झूमे। एक किलोमीटर से ज्यादा लंबी बरात में सबसे पीछे भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों में बग्घी पर सवार रहे। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने बरात पर पुष्पवर्षा करते हुए जोरदार अगुवानी की।

मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान के साथ भगवान श्रीराम विवाह के विवाह की पूरी रस्म पूरी कराई गईं। मंदिर में जयमाल और पैर पूजने को श्रद्धालुओं में भारी होड़ रही। इस मौके पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, आयोजक कमलेश गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी रामकिशुन गुप्ता बासू, नगर पालिका चेयरमैन मालती गुप्ता बासू, नगर पालिका पूर्व चेयरमैन राजकुमार गुप्ता, अमित सेठ भेलू, मनोज जैन, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता, जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष जगराम सिंह समेत लोग शामिल रहे। 

राज्यमंत्री ने आरती उतार किए पैर पूजन

बारात के भ्रमण कर वापस आने पर जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने भगवान के स्वरूपों की विधिवत आरती उतारी और आशीर्वाद लिया। उन्होंने भगवान श्रीराम और माता जानकी के पैर पूजने की रस्म भी अदा की।

अयोध्यावासी मंदिर में श्रीराम कलेवा आज

बन्योटा स्थित अयोध्यावासी वैश्य श्रीराम मंदिर में राम कलेवा (छप्पन भोग) सोमवार को आयोजित होगा। मान्यता है कि 14 साल वनवास और लंका विजय के दौरान भगवान राजकीय सुख-सुविधा से सर्वथा दूर रहे, इसलिए अयोध्या आने पर उन्हें वैभव प्रदान करने में कोई कसर न छोड़ी जाय। इसी भाव के अनुरूप सोमवार को मंदिर में भगवान श्रीराम को 56 प्रकार के व्यंजनों का भेग लगाया जाएगा।

 

संबंधित समाचार