पीलीभीत: बंद मकान से चोरों ने समेटा सामान और बाहर डाल गए दूसरा ताला, वापस लौटे गृहस्वामी के उड़ गए होश
पीलीभीत/बीसलपुर, अमृत विचार। बंद मकान में चोरी की घटनाएं रोकने में पुलिस कामयाब नहीं हो पा रही है। एक बार फिर चोरों ने बंद मकान को निशाने पर लेकर हजारों का सामान समेट लिया।इतना ही नहीं चोर घटना करने के बाद बाहर से अपना ताला लगा गए। पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन तो दिया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
नगर के मोहल्ला हबीबुल्लाह खा शुमाली निवासी राहुल अग्निहोत्री ले बताया कि वह 16 दिसंबर को परिवार के साथ शाहाबाद हरदोई गए थे। दूसरे दिन रविवार को वापस लौट कर आए तो मकान के बाहर दूसरा ताला लगा हुआ देख होश उड़ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस की मौजूदगी में ताला तोड़कर परिजन भीतर घुसे। कमरों का नजारा देख पुलिस भी दंग रह गई। कमरों में सामान बिखरा हुआ था। गृहस्वामी के चेक करने पर चार गैस सिलेंडर, एक गैस चूल्हा,मिक्सी ग्राइंडर, आटा, चावल व कुछ अन्य कीमती घरेलू सामान गायब था। चोरी की घटना का शोर मचते ही आसपास के लोग भी आ गए।
पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। बता दें कि बीते माह इसी मोहल्ले में सेना के जवान प्रभुदयाल, शिवम मिश्रा के बंद मकान में चोरी के बाद चोर अपने ताले लगाकर चले गए थे। पूर्व की घटनाओं की भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाल अशोक पाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा। टालमटोल की बात नहीं है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: बिना बारिश तालाब बना अंडरपास, राहगीरों की आफत...बाइक समेत गिरा फेरीवाला
