पीलीभीत: डीपीआरओ ने खुद उठाया फावड़ा तो खुलती चली गई निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल..जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। ग्राम पंचायत शेरपुरकलां में कराए जा रहे विकास कार्यों में डीपीआरओ को तमाम खामियां मिली। उन्होंने निर्माणाधीन नाली और इंटरलॉकिंग को दोबारा बनाने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। ग्राम प्रधान और सचिव को अभियान चलाकर साफ सफाई कराने के निर्देश दिए।
डीपीआरओ सतीश कुमार ने पूरनपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत शेरपुरकलां में कराए जा रहे विकास कार्यो का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन नालियों में दोयम ईंट लगी पाई गई। जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्माणाधीन नालियों को तोड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए। इंटरलॉकिंग कार्य भी जहां-तहां समतल नहीं पाया गया।
पर उन्होंने इंटरलॉकिंग उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए। खुद भी फावड़े से बिछाई गई सामग्री की हकीकत चेक की। पंचायत घर के जीर्णोद्धार के साथ पुस्तकालय का कार्य भी अधूरा पाया गया। जिस पर उन्होंने सचिव को जल्द कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
सचिव ने एक सप्ताह के भीतर पुस्तकालय का कार्य पूरा होने की जानकारी दी। गांव के भ्रमण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। गांव में जहां-तहां कूड़े के ढेर मिलने के साथ नालियां भी कूड़े से बजबजाती मिली। जिस पर ग्राम प्रधान और सचिव को प्राइवेट मजदूर लगाकर पूरे गांव में सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: बिना बारिश तालाब बना अंडरपास, राहगीरों की आफत...बाइक समेत गिरा फेरीवाला
