कागज पर अभियान, अधिकारियों का दावा - पकड़े साढ़े तीन हजार छुट्टा मवेशी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। प्रदेश के मुख्य सचिव का छुट्टा गोवंशों को पकड़ कर आश्रय स्थलों तक पहुंचाए जाने का आदेश जिले में हवा हवाई साबित हो रहा है। शहर से लेकर गांवों तक यह पशु घूम रहे हैं। शहर में सड़कों पर डेरा जमाए हैं तो ग्रामीण इलाकों में खेतों में घुस पर फसलों को बरबाद कर रह हैं। जबकि अधिकारी कागज पर छुट्टा पशुओं को पकड़े का अभियान चला रहे हैं। अभियान के दौरान 36 सौ से अधिक छुट्टा मवेशियों को पकड़ने का दावा पशुपालन विभाग कागजों पर कर रहा है लेकिन हकीकत इससे अलग दिख रही है।

जिले में 113 गोशालाएं मौजूद हैं। इनमें 4 वृहद, 2 कान्हा तो 107 अस्थाई गोशालाएं शामिल हैं। इन गोशालाओं में 27 हजार 183 मवेशियों को संरक्षित किया जा रहा है लेकिन इसके बाद भी भारी संख्या में पशु नगर निकायों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में झुंड में घूम रहे हैं। वहीं शहरों में यह पशु सड़कों पर लोगों के जान के दुश्मन भी बन रहे हैं। आए दिन लोग इनका शिकार हो रहे हैं। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने 31 दिसंबर तक अभियान चलाकर सभी छुट्टा गोवंशों को गो आश्रय तक पहुंचावाने का आदेश जिलाधिकारी को दिया था। इसके बाद बैठक करके अभियान चलाने का रणनीति तैयार की गई। पशुपालन विभाग व नगर निकायों सहित बीडीओ व एसडीएम को इस कार्य में लगाया गया। 16 दिसंबर तक 3 हजार 665 पशुओं को पकड़ कर गोशाला भेजने की बात कही जा रही है। 

अकेले नगर पालिका क्षेत्र में 306 मवेशियों का पकड़ने का दावा नगर पालिका प्रशासन ने किया है। वहीं अन्य निकायों में 675 छुट्टा मवेशी पकड़े गए हैं। इसी तरह ग्रामीण अंचलों की बात करें तो 15 ब्लॉक क्षेत्रों में 2 हजार 675 मवेशियों को पकड़ने की बात कागजी तौर पर की गई है। इस प्रकार अभियान के तहत 16 दिसंबर तक 3656 मवेशियों को पकड़ कर गोशालाओं में संरक्षित करने का दावा किया गया है। इस बीच सड़कों पर बैठ कर जुगाली कर रहे पशु दावों को खोखला साबित करते दिख रहे हैं। 

मौजूदा समय में शहर के बड़ेल नहर, नाका सतरिख, लखपेड़ाबाग रामसेवक चौराहा समेत कई अन्य स्थानों पर अभी छूट़टा मवेशी दिख रहे हैं। जबकि ग्रामीण अंचलों तो इनकी भरमार है। सीवीओ डॉ.अतुल अवस्थी ने बताया कि अभियान के दौरान पकड़े गए मवेशियों को गोशालाओं में संरक्षित किया गया है। अब सड़कों पर इनकी संख्या नहीं दिख रही है।

ब्लॉकवार पकड़े गए मवेशी
बंकी-- 93, हरख--107, सि.गौसपुर--91, मसौली--107, सिद्धौर--175, दरियाबाद--325, त्रिवेदीगंज--119, निंदूरा--244, सूरतगंज--345, पूरेडलई--93, हैदरगढ़--102, फतेहपुर--160, देवा--156, बनीकोडर--203, रामनगर--355

निकायों में पकड़े गए मवेशियों 
रामनगर-- 31, फतेहपुर-- 35, बंकी--21, टिकैतनगर--49, नवाबगंज--306, आरएसघाट-- 90, सतरिख--14, दरियाबाद--64, देवा-- 62,  सुबेहा-- 40, जैदपुर--102, बेलहरा--62, हैदरगढ़--49,  सिद्धौर--56

ये भी पढ़ें -लखनऊ: एसजीपीजीआई की ओटी में अचानक लगी भीषण आग, दो मरीजों की मौत, हड़कंप 

संबंधित समाचार