रायबरेली: वन विभाग के जंगल में लगी आग, एक हजार से अधिक पौधे और वन संपदा जलकर हुई राख
रायबरेली। सोमवार को दोपहर लगभग एक बजे ग्राम पंचायत सेमरी के गांव नयाखेड़ा के पास स्थित वन विभाग के पांच हेक्टेयर के जंगल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस के जवानों ने लगभग दो घंटे कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेमरी ग्राम पंचायत के गांव नयाखेड़ा के पास वन विभाग का पांच हेक्टेयर का जंगल स्थित है। जिसमें विगत वर्ष 1250 पौधे रोपित किए गए थे। जिनकी रखवाली के लिए गांव के ही अमन मिश्रा को नियुक्त किया गया था। सोमवार को दोपहर लगभग एक बजे अज्ञात कारणों से उक्त जंगल में आग लग गई। जिससे जंगल के साथ ही लगभग एक हजार पौधे जलकर राख हो गए।
ग्राम प्रधान राम सनेही साहू की सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड और पुलिस के जवानों ने ग्रामीणों के सहयोग से लगभग दो घंटे कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझा ली है। किसी प्रकार की बड़ी घटना की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें: मॉडर्न कोच फैक्ट्री के अधीन हुआ रेल पहिया कारखाना, इस्पात और रेल मंत्रालय में हुआ करार, जानिये क्या होगा लाभ
