Kannauj News: दो पक्षों में हुआ विवाद… घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत
कन्नौज में युवक की मौत।
कन्नौज में दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद में एक घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कन्नौज, अमृत विचार। मामूली विवाद के चलते गांव के ही युवकों ने साथियो के साथ एक युवक के साथ बुरी तरह मारपीट करते हुए लोहे कीक रॉड से हमला कर दिया। किसी तरह से घायल युवक पत्नी के साथ बाइक से अस्पताल आ रहा था लेकिन अधिक खून बहने से सड़क पर गिर पड़ा।
राहगीरों की मदद से उसे एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी चार लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर निवासी सूरज पुत्र दुर्जनलाल (35) गांव के रामस्वरूप के घर पर तेरहवीं संस्कार में शामिल होने गया था। आरोप है कि वहीं पर गांव के राम सिंह पुत्र मेवाराम, गिरेन्द्र पुत्र कालिका तथा महेश पुत्र सुरेश, मुकेश पुत्र राम सिंह निवासी हुसेपुर करन से किसी बात पर कहा सुनी होने लगी। बात इतनी बढ़ी कि मारपीट होने लगी।
इस दौरान हमलावरों ने सूरज पर लोहे की रॉड से हमला कर बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। घायल अवस्था में वह पत्नी विमला देवी के साथ मोटरसाइकिल से अस्पताल आ रहा था। अधिक खून बहने से रास्ते मे गिर गया। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने एंबुलेंस से घायल को अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचायत नामा भर जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक की पत्नी से पूछताछ करने के बाद प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह को आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए।
पत्नी विमला देवी की तहरीर पर चारों युवकों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सूरज अपने पीछे चार पुत्रियां तथा दो पुत्र को रोता बिलखता छोड़ गया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार सिर में आई गंभीर चोट के कारण युवक की जान गई।
सौरिख में डेंटिंग पेंटिंग की दुकान चलाता था
सूरज नगर में गाड़ियों में डेटिंग और पेंटिंग का काम करता था। इससे अपने परिवार का भरण पोषण करता था। सूरज की मौत के बाद परिवार में बूढ़े माता-पिता एवं बच्चों की जिम्मेदारी पत्नी के कंधों पर आ गई है। पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: किन्नर मंगलामुखी मन्नत मां की अगुवायी में दीपदान, हिंदू राष्ट्र के लिए प्रार्थना
