Fatehpur News: सर्दी में हो रहा इजाफा, बचाव के इंतजाम अभी नहीं... गोशालाओं में भी सर्दी के इंतजाम नहीं
फतेहपुर में नगर पालिका द्वारा नहीं शुरू किए गए अलाव के इंतजाम।
फतेहपुर में बीते कई दिनों से गलन भरी सर्दी से ठिठुरन बढ़ गई है। लेकिन अभी जिले में सर्दी से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। मंगलवार को बादल आ जाने से बारिश के भी आसार बनने लगे हैं। यदि बारिश होती है तो माना जा रहा है सर्दी अपने तीखे अंदाज में आ जाएगी।
फतेहपुर, अमृत विचार। बीते कई दिनों से गलन भरी सर्दी से ठिठुरन बढ़ गई है। लेकिन अभी जिले में सर्दी से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। मंगलवार को बादल आ जाने से बारिश के भी आसार बनने लगे हैं। यदि बारिश होती है तो माना जा रहा है सर्दी अपने तीखे अंदाज में आ जाएगी।
प्रतिवर्ष शहर क्षेत्र में नगर पालिका परिषद द्वारा अस्थाई रैल बसेरे एवं अलाव की व्यवस्था की जाती रही है। इस वर्ष अभी तक अस्थाई रैन बसेरे तो बनवा दिए गए हैं लेकिन अन्य व्यवस्था में कोई पहल नहीं हुई है। शहर के रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टाप एवं जिला अस्पताल परिसर में अस्थाई रैन बसेरे बना दिए गए हैं।
ईओ समीर कश्यप का कहना रहा कि सर्दी की शुरूआत हुई है, तेज सर्दी आने तक व्यवस्था पूरी कर ली जाएंगी। इसके लिए सम्बंधित कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। सुबह शाम पड़ रही अच्छी सर्दी में खासकर बेसहारा एवं गरीब परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गोशालाओं में सर्दी के इंतजाम नहीं
गोवंशों के लिए सर्दी से बचाव को अभी पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। कई गोशालाओं में देखा गया है कि हवा को रोकने के भी पूरे इंतजाम नहीं हैं। ऐसे में जैसे जैसे सर्दी बढ़ेगी गोवंशों की मुश्किलें बढ़ेंगी। इससे सुबह व रात के वक्त मवेशी सर्द हवाएं झेलने को मजबूर हो रहे हैं। गांव के लोगों ने बताया कि सर्दी का मौसम शुरू हो गया, लेकिन अभी तक यहां पर न तो अलाव जलवाए जा रहे हैं और न ही मवेशियों को सर्दी से बचाने की अन्य कोई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इससे मवेशियों को परेशानी हो रही है। अगर यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में और स्थिति खराब हो जाएगी।
