रायबरेली : छुट्टा मवेशियों की धमाचौकड़ी से फसल पर छाया संकट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खागीपुर सड़वा/ रायबरेली, अमृत विचार। ग्राम पंचायत खागीपुर संडवा के पूरे नरपति सिंह पुरवा में छुट्टा पशुओं का आतंक मचा हुआ है। ऐसे में किसान फसल बचाने के लिए परेशान हैं। इस सर्द रात में किसानों को खेत पर ही रात बितानी पड़ रही है। छुट्टा मवेशियों की धमाचौकड़ी से आए दिन लोग घायल होते हैं।

शासन ने एक माह पहले निर्देश दिया था कि छुट्टा मवेशियों को पशु आश्रय स्थल पहुंचाया जाए तो वहीं डीएम ने भी पशु पालन विभाग को छुट्टा मवेशियों की धरपकड़ करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी छुट्टा मवेशियों को नहीं पकड़ा जा रहा है। क्षेत्र में छुट्टा मवेशियों लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गए हैं। फसलों को अक्सर यह मवेशी नुकसान पहुंचाते हैं। इस समय खेतों में गेहूं और सरसों की फसल लगी है और छुट्टा मवेशी मौका मिलते ही खेतों में घुसकर फसल को नष्ट कर देते हैं। किसान फसल की रखवाली करने के लिए सुबह से रात तक खेतों पर ही रहता है। इसके बाद भी नजर चूकने पर मवेशी फसल को नुकसान पहुंचा देते हैं। छुट्टा मवेशियों को पकड़ने के लिए किसान और ग्रामीण की बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं लेकिन इस पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। 
 
गांव के राजेश कुमार, अनिरुद्ध, रमेश, प्रेम शंकर, जगदीश, संतोष, रत्नेश त्रिपाठी, मनोज त्रिपाठी, राजेश, मुकेश आदि का कहना है कि प्रशासन को छुट्टा मवेशियों की पकड़ के लिए कारगर कार्रवाई करनी चाहिए। छुट्टा मवेशियों की वजह से फसल के साथ लोगों की जिंदगी पर भी खतरा रहता है।

ये भी पढ़ें -हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की बीमार व्यवस्था बढ़ा रही दर्द, नहीं आते स्वास्थ्य कर्मी

संबंधित समाचार