रायबरेली: प्रधान के घर में मिला सचिवालय का कंप्यूटर और प्रिंटर, डीपीआरओ के निरीक्षण में खुली पोल, नोटिस जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ज्योना प्रधान, सचिव और सहायक विकास अधिकारी को नोटिस

रायबरेली, अमृत विचार। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं मिले, इसके लिए सरकार की ओर तमाम योजनाओं से ग्राम पंचायतों को जोड़ा जा रहा है। ग्राम पंचायत सचिवालय में कंप्यूटर, प्रिंटर आदि तक रखने के लिए बजट जारी किया गया। इसके बावजूद इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने सोमवार को महराजगंज ब्लाक के ज्योना ग्राम सभा का औचक निरीक्षण किया। मौके पर सचिवालय में कंप्यूटर और प्रिंटर गायब मिला। पूछने पर पता चला कि इसे प्रधानजी ने अपने घर में रखे हुए हैं। डीपीआरओ ने प्रधान, सचिव और सहायक विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह ने 18 दिसंबर को ज्योना ग्राम सभा का औचक निरीक्षण किया। ग्राम सचिवालय में मौके पर जिला सलाहकार राहुल सिंह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत सतीश  चंद्र चतुर्वेदी, सचिव ग्राम पंचायत आदित्य कुमार, प्रधान उमेश कुमार मौजूद मिले। जबकि पंचायत सहायक सुधांशू पाल अनुपस्थित रहे। कंप्यूटर सिस्टम नहीं मिलने पर पंचायत सचिव आदित्य कुमार ने बताया कि कंप्यूटर सिस्टम और प्रिंटर प्रधान के घर में स्थापित है।

इस पर डीपीआरओ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे साफ पता चल रहा है कि सुविधाओं का लाभ ग्राम पंचायत सचिवालय से पंचायत सहायक के माध्यम से नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान सामुदायिक शौचालय संचालित नहीं मिला। बताया गया कि नामित स्वयं सहायता समूह लगभग आठ माह पूर्व त्याग पत्र दे दिया। इसके बाद कोई केयर टेकर नहीं नामित है। डीपीआरओ ने कहा कि नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: गैंगस्टर फिरोज अहमद की 4.40 लाख 90 हजार की संपत्ति कुर्क, डीएम के आदेश पर हुई कार्रवाई

संबंधित समाचार