रायबरेली: 70 लाख की चोरी पर एसपी हुए सख्त, कोतवाल को दिया अल्टीमेटम
ऊंचाहार, रायबरेली, अमृत विचार। पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत तीन घरों में बीते दिनों हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कोतवाल को जरूरी दिशा निर्देश दिये, उन्होंने चोरी की वारदात के खुलासे के लिए सख्त लहजे में अल्टीमेटम दिया है। जिसके बाद उन्होंने कोतवाली का भी औपचारिक निरीक्षण किया।
क्षेत्र के लबेदवा गांव निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार यादव समेत तीन घरों को निशाना बनाते हुए बेखौफ चोरों ने दस दिसम्बर की रात नकदी समेत लाखों कीमत का सामान पार कर दिया था, पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर घटना के अनावरण का प्रयास कर रही हैं।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी लबेदवा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया और घटना के सम्बंध में जानकारी हासिल की। एसपी ने कोतवाल से चोरों का पता लगाने और घटना के जल्द खुलासे की सख्त हिदायत दी है।
एसपी ने सभी स्तर पर जांच करने और अत्याधुनिक तकनीक अपनाने को कहा है। उसके बाद वो कोतवाली के निरीक्षण में पहुंचे, जहां उन्होंने साफ सफाई की व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क पर महिला आरक्षी जूही मिश्रा व प्रभा कटियार से आने वाले शिकायती पत्रों के सम्बंध में जानकारी हासिल की और कोतवाल आदर्श कुमार सिंह को चोरी की घटना के जल्द अनावरण को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिये। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बातचीत के दौरान बताया कि चोरी की घटना का दस दिन के भीतर अनावरण कर चोरों को जेल भेजा जायेगा।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: जिलाधिकारी के निर्देश पर पकड़े गए हाईवे पर टहल रहे 184 मवेशी, भेजे गए गोशाला
