हरदोई: सड़क पर उतरे यमराज, बाइक और कार सवारों को दी हिदायत, लोगों ने ली सेल्फी
हरदोई। यातायात पुलिस का सड़क सुरक्षा पखबाड़ा चल रहा है गुरुवार को जागरुकता अभियान जारी रहा। यातायात पुलिस ने कलाकार से यमराज का अभिनय कराकर नियमों का पालन करने की अपील की। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान किया गया। यमराज को सड़कों पर देखकर भीड़ लग गयी। यमराज के साथ लोगों ने सेल्फी भी ली।
शहर के सिनेमा चौराहे, नुमाइश चौराहा, लखनऊ चुंगी पर यमराज के भेष में कलाकार ने बिना हेलमेट के बाइक व सीट बेल्ट के बिना कार चलाने वाले चालकों को रोका। कहा कि अगर यातायात नियमों का पालन करेंगे, तो यमराज से दूरी बनी रहेगी। सड़क नियमों पर ध्यान नहीं देंगे, तो यमराज आपके प्राण ले लेंगे। ऐसे में सभी लोग यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित घर तक पहुंचे। इससे परिवार में भी खुशहाली बनी रहेगी।
सीओ ट्रैफिक अंकित मिश्रा ने 18 बिंदुओं वाला जागरूकता पंपलेट राहगीरों व वाहन चालकों को वितरित कराया। सीओ अंकित मिश्रा ने कहा कि सड़क नियमों का पालन कर सभी लोग देश के जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। दूसरे व्यक्तियों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
यातायात प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि 155 वाहन गुरुवार को सड़क नियमों का उल्लंघन करते मिले। जिन पर कार्यवाई की गई। सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। अगर कोई नियम तोड़ता मिला, तो उसके विरुद्ध चालान करने की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर शहर कोतवाल संजय पाण्डेय, महेंद्र कुमार आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-फतेहपुर: गड्ढों में तब्दील होती जा रहीं शहर की सड़कें, जिला अस्पताल के सामने से गायब हो गई सड़क
