लखनऊ: रोड किनारे खड़े ट्रेलर में घुसी पिकअप, पिता की मौत, बेटा-बेटी गंभीर
मोहनलालगंज/लखनऊ, अमृत विचार। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप चालक कोहरे के कारण रोड किनारे खड़ा ट्रेलर नहीं देख सका। पिकअप पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में पिकअप चला रहे पिता की मौके पर मौत हो गयी, जबकि बेटी और बेटा गंभीर घायल हो गये। केबिन में फंसे घायलों को तीन घंटे की मशक्कत के बाद कटर व जेसीबी की मदद से निकाला जा सका। दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
अयोध्या के बेलहारी निवासी प्रेमलाल (45) कानपुर के गोविन्द नगर में परिवार संग किराए के मकान में रहते थे। बुधवार रात करीब 12 बजे बेटी आराधना (19), बेटे दीपक (17) और शिवम (15) संग पिकअप से घर लौट रहे थे। मोहनलालगंज इलाके के भंसडा मोड़ के समीप पहुंचे। यहां कोहरे के कारण सड़क के किनारे टीन से लदा खड़ा ट्रेलर नहीं दिखा। इसके चलते पिकअप पीछे से ट्रेलर में जा घुसा।
हादसे में पिकअप चला रहे प्रेमलाल की मौके पर मौत हो गयी। जबकि जोरदार टक्कर से पिकअप का केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे पिकअप पर सवार आराधना, दीपक और शिवम दबकर गंभीर रूप से घायल हो गये। चीख पुकार सुनकर पहुंचे भसण्डा के ग्रामीणों ने आनन-फानन पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने गैस कटर से पिकअप का केबिन काटकर जेसीबी की मदद से ट्रेलर हटाकर अंदर फंसे घायलों को निकाला। घायलों को बाहर निकालने में करीब तीन घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर शिवम और आराधना की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। गुरुवार को पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। भागू खेड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज अवनीश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: प्राण प्रतिष्ठा में वही आएं जिनके पास निमंत्रण, सीएम योगी ने दिए निर्देश, होटलों की बुकिंग हो कैंसल
