संभल : मुठभेड़ में 15,000 का इनामी गो तस्कर घायल, एक सिपाही भी जख्मी
कैथल मार्ग पर सैनिक चौराहा के पास रात 7:45 बजे हुआ आमना-सामना
चन्दौसी (संभल), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में कैथल मार्ग पर सैनिक चौराहा के पास चेकिंग के दौरान गोतस्कर व पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें 15,000 का इनामी गोतस्कर गोली लगने से घायल हो गया। बदमाशों की फायरिंग में सिपाही के हाथ में भी गोली लग गई। इस दौरान गोतस्कर का एक साथी फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।
एसपी कुलदीप सिंह गुनावत के अनुसार, गुरुवार रात 7:45 बजे कोतवाली पुलिस कैथल मार्ग पर सैनिक चौराहा के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक को रोकने का इशारा किया तो बाइक सवार लोगों ने पुलिस पर फायरिंग दी। इससे बचाव के लिए पुलिस ने फायरिंग की तो बदमाश के दायें पैर गोली लगी। उधर, बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में सिपाही प्रज्जवल के बायें हाथ की कोहनी के पास गोली लगी।
बदमाशों ने तीन व पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की। घटना के दौरान बदमाशों की बाइक गड्डे में गिर गई। तभी एक बदमाश फरार हो गया। बदमाशों का तमंचा और 315 बोर का कारतूस मिला। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम मारुक पुत्र राहत निवासी नूरियो सराय संभल बताया। घटना की सूचना आला अधिकारियों को दी गई। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र पवार, सीओ डॉ. प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए और पुलिस कर्मियों से घटना की जानकारी ली।
कुछ देर बाद एसपी कुलदीप सिंह गुनावत व एएसपी श्रीशचंद्र भी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी गोतस्कर है। उस पर जनपद के विभिन्न थानों में 18 मुकदमे पंजीकृत हैं और वह कोतवाली में गैंगस्टर में वांछित चल रहा था। आरोपी के खिलाफ एसपी ने 15,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। कुछ दिन पहले थाना बनियाठेर के गांव जनेटा के तालाब में गोवंश के अवशेष मिले थे। उसमें भी आरोपी शामिल था। फरार बदमाश की गिरफ्तार के लिए पुलिस टीम देर रात कर कांबिंग करती रही। उधर, गोतस्कर व पुलिस की मुठभेड़ के बाद फॉरेसिंग टीम को बुलाया गया। फॉरेसिंग टीम ने घटना पर मिली बाइक व तमंचे के नमूने लिए।
ये भी पढ़ें : संभल: जिला अस्पताल की लिफ्ट में फंसा तीमारदार, मची खलबली
