Christmas Day 2023: क्रिसमस पर सजे बाजार, केक की बढ़ी मिठास, ये है सेंटा और स्टार केक की सर्वाधिक मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में क्रिसमस डे पर बाजार सज गए।

कानपुर में क्रिसमस डे पर बाजार सज गए। ड्राई केक अधिक दिन तक सुरक्षित रहने की वजह से ग्राहकों की पहली पसंद है। उपहार के लिए डिजाइनर क्रिसमस ट्री भी है।

कानपुर, अमृत विचार। क्रिसमस के उल्लास में बाजार सज चुका है। क्रिसमस ट्री, स्टार, घंटी और सजावट तथा गिफ्ट के तमाम सामानों के बीच सांता क्लॉज की ड्रेस और मुखौटों की मांग बढ़ गई है। केक की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। प्रमुख बेकरियों में केक की नई वैरायटी क लोगों को लुभा रही हैं। इस बार ड्राई केक की सबसे अधिक मांग है। इसके अलावा क्रीम में क्रिसमस ट्री और सेंटा डिजाइन का केक आकर्षण का केंद्र बना है। 

क्रिसमस पर इस बार फ्लेवर केक 12 सौ से लेकर 15 सौ रुपये तक बाजार में मिल रहा है। स्वरूप नगर, सिविल लाइंस, आर्य नगर, गुमटी, काकादेव, गोविंद नगर की बेकरियों में ऑर्डर की भरमार है। इनमें डिजाइनर क्रीम केक के अलावा पाइन एपल, चॉकलेट केक, रेड वेलवेट पर सेंटा क्लॉज, स्ट्रॉबेरी फ्लेवर और ब्लैक करंट केक की सबसे अधिक मांग हो रही है।

लेकिन 15 सौ से दो हजार रुपये किलो में बिक रहा ड्राई केक अपनी खासियत की वजह से सभी को पीछे छोड़ रहा है। केक का कारोबार करने वालों ने बताया कि अधिक दिन तक ताजा रहने के कारण यह केक क्रिसमस पर सबसे ज्यादा बिकता है। त्योहारों पर लोग एक दूसरे के घर जाते हैं। ऐसे में अक्सर केक बच जाता है। ड्राई फ्रूट केक 15 दिन तक खराब नहीं होता है।    

क्रिसमय पर एक दूसरे को देने के लिए गिफ्ट केक भी बाजार में मौजूद हैं। केक कारोबारी ऐश्वर्या दीक्षित ने बताया कि एक किलो वजन वाले इस केक में ग्राहक अपनी मनचाही डिजाइन बनवा सकते हैं। मनपसंद डिजाइन बनवाने के लिए 12 घंटे पहले ऑर्डर देना होगा। कारोबारियों ने यह भी बताया कि क्रिसमस पर सिर्फ गिफ्ट के लिए शहर में लगभग पांच हजार केक के ऑर्डर विभिन्न बेकरी में आ चुके हैं।

क्रिसमस और नए साल पर केक का क्रेज  अधिक रहता है। कारोबारियों ने बताया कि कोरोनाकाल के बाद इस बार केक बाजार में बहार आई है। मांग इस कदर है कि केक के शौकीन अपनी पसंद का केक बुक कराने के लिए परेशान हैं। सभी को तय तारीख और समय पर केक की डिलीवरी चाहिए।     

10 हजार केक की ऑनलाइन बुकिंग 

क्रिसमस के केक में ऑनलाइन बाजार की  धमक भी बरकरार है। कारोबारियों ने बताया कि इस बार माना जा रहा है कि दस हजार से अधिक केक ऑनलाइन बुक हुए हैं। स्वरूप नगर के एक कारोबारी ने यह बताया कि विदेश तक से भी बुकिंग आई है। यह बुकिंग ऐसे लोगों ने की है जिनके परिवार के सदस्य विदेशों में रह रहे हैं। बुकिंग के अनुसार तय समय पर केक उनके परिवार के सदस्यों तक पहुंच जाएगा। 

कुकीज का भी कम नहीं क्रेज

केक के साथ ही बेकरी आइटम में कुकीज के भी ऑर्डर इस बार बड़ी संख्या में आए हैं। इनमें इटेलियन व स्पैनिश कुकीज सबसे अधिक बिक रही है। मीठे में थोड़ा का नमकीन फ्लेवर इन कुकीज को और बेहतर बना रहा है।

ये भी पढ़ें- Kanpur Accident: दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत… केबिन में फंसकर चालक हुआ घायल, हादसे के बाद वाहनों की लगी लंबी कतारें

 

संबंधित समाचार