Unnao News: मां ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ निगला था कीटनाशक... माता व बड़ी बेटी की मौत, दो की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में मां के बाद बड़ी बेटी ने इलाज के दौरान तोड़ा दम।

उन्नाव के बिहार थानांतर्गत भदेवरा गांव में मां ने अपने तीन मासूम बच्चों को दवा के बहाने कीटनाशक खिलाने के बाद खुद भी निगल ली थी। इसके बाद मां की मौत हो गई थी।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव के बिहार थानांतर्गत भदेवरा गांव में मां ने अपने तीन मासूम बच्चों को दवा के बहाने कीटनाशक खिलाने के बाद खुद भी निगल ली थी। इसके बाद मां की मौत हो गई थी। जबकि, बच्चों को गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल के आईसीयू में रखा गया था। शुक्रवार को नौ वर्षीय बड़ी बेटी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कानपुर पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

भदेवरा गांव निवासी केतकी (33) पत्नी जगमोहन ने पति व सास के मजदूरी करने जाने के बाद अपने तीन बच्चों को दवा के बहाने गेहूं के रखी जाने वाली दवा एक-एक कर खिला दी थी। इसके बाद बड़ी बेटी महक (9), मानवी (3) व आर्यन (7) की हालत बिगड़ी और सभी उल्टियां शुरू हो गईं। एक साथ उल्टियां होने की जानकारी पर पड़ोसियों ने पति को फोन से सूचना दी। गांव के बाहर मजदूरी कर रहा जगमोहन पहुंचा व बच्चों व पत्नी को पीएचसी सुमेरपुर लाया।

जहां डॉक्टर ने सभी को गंभीर देख जिला अस्पताल  भेज दिया। जहां ले जाते समय रास्ते में महिला की मौत हो गई। इसके बाद बच्चों को कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया। जहां सभी का आईसीयू में भर्ती कर इलाज चल रहा था। शुक्रवार को बेटी महक ने भी दम तोड़ दिया। मां के बाद बेटी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

कानपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिये शव भेजा है। इंस्पेक्टर शिव प्रकाश पांडेय ने बताया कि मृतका की बेटी महक की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मां का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंच गया है। परिजनों ने दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार कराने की बात कही है।

ये भी पढ़ें- Jalaun News: टैक्स चोरी करके मध्य प्रदेश से लाया जा रहा सरसों का तेल पकड़ा, जीएसटी व परिवहन विभाग की टीम को मिली सफलता

संबंधित समाचार