युवक ने लगाया गले में फंदा तो युवती ने खा लिया जहर, प्रेम-प्रसंग का बताया जा रहा मामला  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पहाड़ी / चित्रकूट, अमृत विचार। एक युवक ने पेड़ में फंदा लगाकर जान दे दी। उसकी मौत की खबर फैली तो कुछ घंटे बाद एक युवती ने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे प्रयागराज में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया यह प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। 

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से थाना पहाड़ी अंतर्गत ग्राम पिपरोदर निवासी शुभम सिंह पटेल (25) पुत्र राजेंद्र सिंह पहाड़ी में राजापुर रोड के पास एक मकान में ईंटा-गिट्टी, बालू आदि की बिक्री करता था। गुरुवार को उसके गांव में धार्मिक कार्यक्रम था। शुभम को भी घर बुलाया गया था। परिजनों ने बताया कि वह नहीं गया। शुक्रवार की सुबह परिजन‌ शुभम से मिलने पहाड़ी पहुंचे। वहां दुकान बंद मिलने पर परिजनों ने मकानमालिक से पूछा। इस पर मकानमालिक ने संभावना जताई कि वह शौच के लिए गया होगा। इस पर परिजन उसे ढूंढने हरसिंघी तालाब की ओर गए तो पाया कि तालाब के भीटे पर बबूल के पेड़ पर शुभम का शव रस्सी से लटक रहा था। पास में उसकी बाइक भी खड़ी थी। 

परिजनों की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक श्याम प्रताप सिंह पटेल व कस्बा प्रभारी रविकांत राय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, शुभम की मौत की खबर पर सजातीय बीस वर्षीय युवती ने जहर खा लिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से प्रयागराज रिफर कर दिया गया। बताया जाता है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और युवती की शादी कहीं और तय हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक, इस संबंध में शुभम ने अपने दोस्तों को मैसेज भी किया था। दोनों के प्रेमपत्र भी मिलने की बात कही जा रही है। थाना प्रभारी का भी कहना है कि प्रथमदृष्टया प्रेमप्रसंग का मामला लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें -अस्पताल खोलने के नाम पर मामा से करोड़ों ठगे, डीसीपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज

 

संबंधित समाचार