अयोध्या: स्वास्थ्य महकमा अलर्ट, कोरोना जांच की किटें तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

नए वैरियंट जेएन-1 को भूल मास्क और दो गज की दूरी में नहीं दिख रहे लोग

अमृत विचार, अयोध्या। कोरोना के नए वैरियंट जेएन-1 के देश के विभिन्न राज्यों में एक बार फिर से मरीज मिलने से जिले का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। कोरोना जांच के लिए एंटीजन और आरटीपीसीआर किटों को तैयार कर लिया है। हालांकि अभी शासन से इस संबंध में अभी कोई गाइडलाइन नहीं आई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कमान संभाल रखी है।

बता दें कि ठीक एक महीने बाद राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होनी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख चेहरे शामिल होंगे। इसके बाद प्रतिदिन एक लाख श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इधर, कोरोना ने भी पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। लखनऊ में एक बुजुर्ग महिला में कोरोना की पुष्टि होने के मास्क और दो गज की दूरी भूल चुके लोगों में भी बेचैनी बढ़ गई है। दिन में धूप और रात में मौसम सर्द होते ही सर्दी, जुकाम के मरीज अस्पताल पहुंचने लगे हैं। फिलहाल अभी सभी जगह पर जांच बंद हैं। 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय जैन ने कहा कि हम अलर्ट हैं। शासन से जांच के लिए अभी कोई आदेश नहीं आया है। एंटीजन और आरटीपीसीआर की किटें पर्याप्त संख्या में हमारे पास हैं। जिले में सभी ट्रेंड स्टाफ हैं। संशाधनों का कोई अभाव नहीं है। आदेश आते ही जांच शुरू कराई जाएगी और बेड भी आरक्षित कराए जाएंगे। हालांकि समारोह से पहले ही स्क्रीनिंग शुरू करा दी जाएगी। लोगों को भी जागरूक रहना होगा।" 

ये भी पढ़ें:- अयोध्या में हो रहे विकास का मिलेगा लाभ - राकेश टिकैत

संबंधित समाचार