गोंडा: दुल्हन ने ससुराल में डाला डाका, घर वालों को बेहोश कर नकदी व जेवर लेकर हुई चंपत, जांच में जुटी पुलिस
खरगूपुर/गोंडा, अमृत विचार। जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के बैदौरा पांडेय पुरवा गांव में एक नवविवाहिता ने शादी के सातवें दिन शुक्रवार की रात परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से 20 हजार रुपये की नकदी, कपड़े, मोबाइल फोन व लाखों रुपये के जेवर लेकर चंपत हो गयी।
पड़ोस के लोगों ने परिवार के पांच सदस्यों को बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है। मामले में परिजनों की तरफ से दुल्हन व उसके साथ आई एक महिला के खिलाफ थाने में तहरीर दी गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खरगूपुर थाना क्षेत्र के बैदौरा पांडेपुरवा गांव के रहने वाले जयसिंह नारायण पांडेय के बेटे ननके पांडेय की शादी 17 दिसंबर को लखीमपुर जिले के गोला गोकरननाथ की रहने वाली शिवानी नाम की युवती से हुई थी। शादी खरगूपुर स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर में करायी गयी थी। शिवानी दुल्हन बनकर आई तो ननके के परिवार की तरफ से बहू भोज का आयोजन किया गया था।
इस भोज में नवविवाहिता शिवानी के घर की एक महिला भी शामिल थी। रात में शिवानी ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया और घर के सदस्यों को खिला दिया। भोजन करने के एक घंटे बाद ननके की मां सोना देवी (45), मुस्कान (14) शिवांश (10) गौरी (12) व पल्लवी (13) बेहोश हो गए।

सास और बच्चों के बेहोश होने के बाद दुल्हन शिवानी घर में रखा 20 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, कपड़े व लाखों रुपये के जेवर लेकर अपने घर से आई महिला के साथ चंपत हो गयी। पति ननके व अन्य पुरुष सदस्य बाहरी व्यवस्था में लगे थे इसलिए वह सब बच गए।
कुछ देर बाद जब ननके व अन्य लोग घर के भीतर पहुंचे तो परिवार के लोग बेहोश पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। दुल्हन शिवानी की तलाश की गयी तो वह गायब मिली। यह देख परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए।
बेहोश सदस्यों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि अब सभी की हालत खतरे से बाहर है। इस मामले में ननके के परिजनों ने दुल्हन शिवानी व एक अन्य महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें;-अयोध्या: विज्ञान प्रदर्शनी में दिखी छात्रों की प्रतिभा, सभी ने सराहा
