किसान दिवस : अधिक उत्पादकता वाले 26 किसान हुए सम्मानित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। पूर्व प्रधाननमंत्री चौधरी चरण सिंह के जयंती पर पल्हरी परिसर में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें सांसद समेत कई जनप्रतिनिधियों व डीएम ने उत्कृष्ट खेती करने वाले किसानों को सम्मानित किया। इस दौरान विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाए गए। जिनका अवलोकन कर दीप प्रज्जवलन किया। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री  चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित किया। उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने मिलेट्स फसलों की विविधिताओं और लाभ के बारे में जानकारी दी। वहीं जिला कृषि  रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने कृषि रक्षा रसायनों के प्रयोग को कम करने के साथ ही आईपीएम के बारे में बताया। 

एमएलसी अंगद सिंह ने किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुये विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु आवाहन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने महिला किसानों को कृषि क्षेत्र में आगे आने की बात कही। डीएम सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि किसान कृषि विविधीकरण के क्षेत्र में अत्यन्त अग्रणी हैं और राज्य की उत्पादकता में उनका विषेश योगदान है। इस अवसर पर 26 किसानों को कृषि, मत्स्य, उद्यान, पशुपालन और गन्ना की खेती के क्षेत्र में अधिक उत्पादकता प्राप्त करने पर जनपदस्तरीय किसान सम्मान से सम्मानित किया गया। जिनमें से 13 किसानों को जिले में अपने क्षेत्र में प्रथम स्थान आने पर सात हजार और इतने ही किसानों को दूसरे स्थान पाने पर पांच हजार रुपये उनके खाते में भेजा गया। 

वहीं ब्लॉक स्तर भी पहले व दूसरे स्थान के 72 किसानों को दो हजार रुपये की धनराशि से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त शोध  केन्द्र द्वारा कृषि के विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 किसानों को सम्मानित किया गया। वहीं एक याेजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के लिए किसान पुष्पेंद्र मिश्रा को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक स्वरूप ट्रैक्टर की चाभी देकर सम्मानित किया गया।  इस मौके पर तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -फतेहपुर : जिले के 361 परिषदीय विद्यालय जर्जर, होंगे ध्वस्त

संबंधित समाचार