चौधरी चरण सिंह के जन्मदिन पर किसान सम्मान दिवस का हुआ आयोजन
संतकबीरनगर, अमृत विचार। देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन परिसर में हुआ जिसका शुभारंभ विधायक मेहदावल अनिल त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा जगदंबा लाल श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार और प्रगतिशील कृषकों के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करते हुए किया गया।
किसान सम्मान दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा अपने विभाग से संबंधित उत्पादों और योजनाओं का स्टाल लगाकर प्रचार प्रसार किया गया। तथा नवीन तकनीकियों की जानकारी प्रदर्शित की गई। विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने किसानों को ग्राम देवता के रूप में नमस्कार करते हुए अपने संबोधन में कहा कि किसान ही हैं जो सोने चांदी से नहीं बल्कि मिट्टी से प्यार करते हैं। एक समय था जब ढे़ंकुल से सिंचाई, बैलों से खेतों की जुताई बुवाई हुआ करती थी। खेती करना कठिन था, परंतु समय के साथ तकनीकि बदली। सरकार ने किसानों को सिंचाई के लिए सोलर पंप समेत अन्य सिंचाई के यंत्र उपलब्ध करा कर रही है।
विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि वर्तमान सरकार में समस्त प्रकार के बीज, उर्वरक, यंत्र सुचारू रूप से प्राप्त हो रहे हैं। भारत सरकार किसानो को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए किसान सम्मान निधि की धनराशि उपलब्ध करा रही है। जिससे किसान अपनी खेती को ससमय कर पा रहे हैं। जिला अध्यक्ष भाजपा जगदंबा लाल श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों को बीज उर्वरक यंत्र और अन्य संसाधन अनुदान पर उपलब्ध करा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी किसान पृष्ठभूमि से थे और प्रधानमंत्री के रूप में जब देश का नेतृत्व किए तो वे किसानों के हित और किसानों के लिए निर्णय लेने में कभी पीछे नहीं हटे। पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा, प्रगतिशील कृषक सेतवान राय ने अपने संबोधन में कहा कि कृषक गौरैया से लेकर गवर्नर को अन्न उपलब्ध कराने का कार्य करते हैं। कृषक अपने खेती-बाड़ी के ढंग को बदलें, नवीन तकनीकी अपनाएं, देश कृषि और ऋषि पद्धति के लिए पूरे विश्व में जाना जाता है।
इन्हे मिला सम्मान
किसान सम्मान दिवस के अवसर पर गेहूं के उत्पादन हेतु लाल जी, उमाकांत, सरसों उत्पादन हेतु राम उजागिर, सेतवान राय, धान उत्पादन हेतु रामरति, राम उजागर चौधरी, तिल उत्पादन में हरिहर चौधरी सियाराम चौधरी को क्रमश: प्रथम, द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जबकि पशुपालन के क्षेत्र में हरिश्चंद्र द्विवेदी, ब्रह्मदेव प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार यादव, रामचंद्र को पशुपालन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रथम पुरस्कार दिया गया। जबकि राम लखन, चंद्रमणि राय, दिलीप सिंह, दिव्यांशु राय को द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उद्यान विभाग के द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में अच्छी खेती करने हेतु राम विजय व बंशीधर को, केला की खेती हेतु छांगुर प्रसाद व सेतु मौर्य को फूलगोभी की खेती के लिए सुरेंद्र प्रसाद पाठक को, आलू की खेती के लिए नंदलाल सिंह को, आशुतोष और जनार्दन को शंकर टमाटर की अच्छी खेती हेतु सम्मानित किया गया। इसी प्रकार मत्स्य पलक कृषकों में राजेंद्र, नागेश्वर, अमरनाथ , त्रिभुवन प्रसाद, रणविजय सिंह, श्रीमती सुगंध, राम प्रवेश, रवि कुमार को क्रमशः प्रथम व द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में वीरेंद्र कुमार पांडेय निवासी ग्राम उमिला विकास खंड सेमारियावां को उन्नतशील खेती व अनिल राय ग्राम पट्टी बड़गों हैंसर बाजार को श्री अन्न की खेती के लिए सम्मानित किया गया।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी शशांक ने धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर जिला महामंत्री भाजपा गणेश पांडेय, ज्ञानेंद्र मिश्र, सांसद प्रतिनिधि जयप्रकाश निषाद, उपनिदेशक कृषि राकेश कुमार सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी सीपी सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ यशपाल सिंह, समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी मत्स्य विजय कुमार मिश्र, उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, कोऑपरेटिव हरिप्रसाद, पिछड़ा वर्ग अधिकारी रवीश चंद्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ।
ये भी पढ़ें -बाराबंकी में चिकित्सकों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन
