संभल: किसानों ने फसल बर्बाद कर रहे आवारा पशुओं को किया बर्फ फैक्टरी परिसर में बंद
रात को ब्लाक की ओर से पशुओं की देखभाल के लिए केयरटेकर नियुक्त, रविवार को पशुओं को अन्य पशुशालाओं में किया जाएगा शिफ्ट
संभल/चन्दौसी/बनियाठेर, अमृत विचार। थाना बनियाठेर क्षेत्र में किसान आवारा पशुओं से परेशान बने हुए है। यह पशु किसानों की फसलों को बर्बाद करने में लगे हैं। जिससे किसानों को रात को जागकर अपनी फसल की रखवाली करनी पड़ रही है। शनिवार को किसानों ने मुरादाबाद हाइवे किनारे खंडहर नुमा पुरानी बर्फ फैक्ट्री परिसर में आवारा पशुओं को बंद कर दिया।
आवारा पशु किसानों की गेहूं, मटर, लेहटा, लाई, आलू जैसी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। जिससे किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित है। कई बार शिकायत के बाद भी किसानों को आवारा पशुओं से निजात नहीं दिलाई जा रही है। इसके बाद किसानों ने थाना क्षेत्र के गांव अकरौली के ग्राम प्रधान सलीम खान को अवगत कराया। ग्राम प्रधान ने पंचायत सचिव अवनीश कुमार उपाध्याय को आवारा पशुओं को गांव में स्थित गोशाला में बंद करने के बात कही। इसके बाद भी पशुओं को गोशाला में बंद नहीं किया गया।
तब शनिवार की सुबह दस बजे किसानों ने एकत्र होकर मुरादाबाद हाइवे किनारे गांव रसूलपुर कैली के पास खंडहरनुमा बंद पड़ी पुरानी बर्फ फैक्ट्री परिसर में 30 से 35 गोवंशीय पशुओं को बंद कर दिया। इसकी जानकारी ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव को दे दी। मगर अभी तक बर्फ फैक्टरी बंद में पशुओं के खानपान का इंतजाम सचिव की ओर से नहीं कराया गया और न ही पशुओं की देखभाल के लिए कोई केयरटेकर नियुक्त किया गया है।
ग्रामीणों ने मुरादाबाद रोड स्थित पुरानी बर्फ फैक्टरी में 30 आवारा पशुओं को बंद कर दिया। जिसके छोटे गेट पर ताला लगा दिया गया। पशुओं की देखभाल के लिए रात को केयरटेकर नियुक्त किया जाएगा। पशुओं के खानपान की व्यवस्था कराई जाएगी। रविवार को वाहन से कुछ इन पशुओं को नेहटा, जनेटा व फरीदपुर की गोशाला में शिफ्ट करा दिया जाएगा।- अवनीश कुमार उपाध्याय, पंचायत सचिव, ब्लाक बनियाखेड़ा
ये भी पढ़ें:- Pakistan: 'उम्मीदवारों को चुनाव प्रक्रिया से हटने के लिए किया गया मजबूर', इमरान खान की पार्टी का आरोप
