बरेली: डिप्टी सीएम के आने से पहले बस अड्डे से हटवाया अतिक्रमण, शाम होते फिर वही हाल
सुबह के समय सेटेलाइट बस अड्डे के आसपास नहीं दिखे ठेले वाले
फोटो- डिप्टी सीएम के आगमन से पहले सैटेलाइट बस अड्डे के पास लगे अवैध ठेले हटाए गए
बरेली, अमृत विचार। ठेलों और डग्गामार वाहनों की वजह से हमेशा जाम से घिरा रहने वाला सेटेलाइट बस अड्डा शनिवार सुबह के समय एकदम साफ नजर आया, क्योंकि शहर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का आगमन था। इस कारण ट्रैफिक पुलिस ने ठेले लगने नहीं दिए। सड़क किनारे से अतिक्रमण हटा दिया। हालांकि, शाम होते ही स्थिति पहले जैसी हो गई। ठेले और डग्गामार वाहनों की वजह से बसों का निकलना मुश्किल हो रहा था।

सेटेलाइट चौकी से लेकर सीएनजी पंप तक बस अड्डे के बाहर अवैध ठेले और डग्गामार वाहन खड़े रहते हैं। जिनको हटाने के लिए कई बार एसपी ट्रैफिक और नगर आयुक्त को एआरएम पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अतिक्रमण नहीं हट पा रहा है। जब शहर में किसी वीआईपी का आगमन होता है तो ट्रैफिक पुलिस सक्रिय हो जाती है। उन रास्तों से पहले ही अतिक्रमण हटा दिया जाता है, जहां जाम की स्थिति बनी रहती है, मगर बाद में फिर वैसे ही हालात हो जाते हैं, जो सड़कें साफ नजर आती हैं, उनपर फिर से अतिक्रमण पसर जाता है।
यह भी पढ़ें- बरेली: बर्थडे पार्टी के दौरान महिला ग्राम प्रधान के घर में घुसे दबंग, छेड़छाड़ कर दी जान से मारने की धमकी
