संभल : कई थानों के प्रभारी बदले, 287 पुलिस कर्मी इधर से उधर
संभल, अमृत विचार। कई थाना प्रभारियों के गैर जनपद तबादले के बाद पुलिस अधीक्षक ने बाहर जनपद से आने वालों को थानेदारी का मौका दिया है। एक दर्जन निरीक्षकों का कार्यक्षेत्र बदलने के साथ ही सात निरीक्षक व एक दरोगा को तैनाती दी गई है। वहीं जनपद के 287 पुलिस कर्मियों को इधर से उधर किया गया है।
थाना प्रभारियों के गैर जनपद तबादलों के बाद कई थाने कार्यवाहक थाना प्रभारियों के सहारे चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने शनिवार को फेरबदल कर थाना प्रभारियों की तैनाती करते हुए नखासा थाना प्रभारी योगेश कुमार को हटाकर आईजीआरएस व शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी बनाकर अपराध शाखा में काम कर रहे गजेंद्र सिंह को नखासा का थाना प्रभारी, नियुक्त कर दिया।
बहजोई थाना प्रभारी विद्युत गोयल का गैर जनपद तबादला हो जाने के बाद चंदौसी कोतवाल सतेंद्र पंवार को बहजोई का थाना प्रभारी नियुक्त कर दिया। गुन्नौर कोतवाल अतर सिंह को चन्दौसी थाने का प्रभारी बना दिया गया। आईजीआरएस जन शिकायत प्रकोष्ठ से संजीव कुमार को गुन्नौर थाने का प्रभारी नियुक्त किया है। असमोली के निरीक्षक अपराध हरीश कुमार को असमोली थाने का प्रभारी जबकि चंदौसी के निरीक्षक अपराध वीरेंद्र कुमार को कुढ़ फतेहगढ़ थाने का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस लाइन से उपनिरीक्षक मोहित कुमार काजला को बनियाठेर का थानाध्यक्ष बनाकर भेजा है। थाना बनियाठेर के निरीक्षक अपराध नरेश कुमार को धनारी थाने का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
अपराध निरीक्षक व अन्य पदों पर हुई नियुक्ति
संभल। निरीक्षक वीरपाल सिंह को प्रभारी न्यायालय सुरक्षा एवं साक्षी सुरक्षा प्रकोष्ठ, सत्य प्रकाश सिंह को प्रभारी न्यायालय सुरक्षा एवं साक्षी सुरक्षा प्रकोष्ठ से प्रभारी मॉनिटरिंग सेल, निरीक्षक रामवीर सिंह को प्रभारी रिट सेल,रजनीश कुमार को निरीक्षक अपराध असमोली,अमरीश कुमार को पुलिस लाइन से निरीक्षक अपराध हयातनगर, अमरपाल सिंह को निरीक्षक कानून व्यवस्था थाना चन्दौसी, पुष्पेंद्र सिंह चौहान को निरीक्षक अपराध थाना बहजोई, अमरसेन को निरीक्षक यूपी-112 से अपराध शाखा,प्रशांत कुमार को प्रभारी निरीक्षक यूपी-112, अखिलेश गंगवार को निरीक्षक अपराध थाना गुन्नौर निरस्त कर प्रभारी डीसीआरबी अपराध कार्यप्रणाली, नरेंद्र कुमार त्यागी को अपराध शाखा में नियुक्त किया गया है।
ये भी पढ़ें:- संभल : पुलिस ने भाकियू नेताओं को किया नजरबंद, नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर उठाई मांगें
