शाहजहांपुर: राजा की मौत मामले में प्रेमिका समेत चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
फर्रुखाबाद से टीम वापस लौटी, एक टीम आरोपियों की तलाश में गई लखनऊ
मिर्जापुर/शाहजहांपुर, अमृत विचार। स्टेट हाइवे पर राजेश कुमार उर्फ राजा का जला हुआ मिला शव के मामले में पुलिस ने प्रेमिका समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की तलाश में लखनऊ गई है। जबकि फर्रुखाबाद से पुलिस टीम खाली हाथ वापस लौट आई है।
बता दे कि मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव दोषपुर नागर निवासी राजेश कुमार उर्फ राजा का अधजला शव गांव से कुछ दूरी पर फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाइवे पर खाई में मिला था। पुलिस ने मौके से एक माचिस बरामद की थी। उसका चेहरा, एक हाथ और पैर जला हुआ था।
अवधेश ने थाने पर दी गई तहरीर में बताया कि उसके भाई राजेश कुमार उर्फ राजा का दो वर्षो से रिया उर्फ आरती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रिया से अभिषेक उर्फ कृष्णा मिश्रा निवासी हुसैनपुर राजपुर थाना अमृतपुर जिला फर्रुखाबाद का भी प्रेम प्रसंग चल रहा था। अभिषेक मिश्रा को पता चला कि रिया के साथ राजेश का भी प्रेम प्रसंग चल रहा है।
आरोप है कि अभिषेक ने उसके भाई को धमकी दी थी कि रिया से दूर हो जाओ नहीं तो जान से मार दूंगा। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात में उसके भाई राजेश को रिया उर्फ आरती ने अपने प्रेमी अभिषेक से मिलकर उसके भाई को मार डाला और स्टेट हाइवे के किनारे शव को फेंककर चेहरा आदि जला दिया।
आरोप है कि उसके भाई की हत्या रिया, अभिषेक और दो अज्ञात लोगों ने की है। शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे घर से खेत पर जा रहा था तो उसका भाई का शव सड़क के किनारे खाई में पड़ा था। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि रिया उर्फ आरती निवासी चांदपुर थाना कादरी गेट जिला फर्रुखाबाद, अभिषेक उर्फ कृष्णा मिश्रा निवासी हुसैनपुर राजपुर थाना अमृतपुर जिला फर्रुखाबाद और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एसपी ने आरोपियों की तलाश में टीम का गठन किया है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की तलाश में फर्रुखाबाद गई थी, जो खाली हाथ वापस लौट आई है। एक टीम लखनऊ गई हुई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
राजेश की मौत के मामले में महिला समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी जलने से मौत हुई है और शरीर में चोट के निशान नहीं है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है---मनोज कुमार अवस्थी, एएसपी ग्रामीण।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पुराने जिला अस्पताल को सिटी अस्पताल बनाने का भेजा प्रस्ताव
