मुरादाबाद : पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, अधिकारियों ने जांची गश्त
सिविल लाइन व नागफनी थाना पुलिस के साथ बारादरी चौराहे पर गश्त मिलान कर संबंधित को निर्देश देते एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री की जनसभा के बाद भी पुलिस काफी अलर्ट मूड में देखने को मिली है। शनिवार रात भर पुलिस ने महानगर से लेकर जिले के अन्य मार्गो पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खाली घूमते मिले लोगों को फटकारा। वाहनों की भी जांच की। अभियान के क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों ने भी निकल कर गश्त की जांच की है। इस दौरान एक थाने से दूसरे थाने के प्रभारी निरीक्षक, इसी तरह एक चौकी से दूसरी चौकी की पुलिस टीम निर्धारित बिंदु पर आकर गश्त मिलान की है।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने रात में पुलिस की गश्त मिलन की जांच की। इस दौरान उन्होंने सिविल लाइन थाना अध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा से भी मुलाकात कर क्षेत्र की सुरक्षा का माहौल जाना। सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर, सीओ ठाकुरद्वारा राजेश कुमार तिवारी, सीओ कांठ अंकित तिवारी समेत कई पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में रात में प्रभारी निरीक्षक और चौकी इंचार्ज से मिलकर गश्त मिलान किया।
अधिकारियों ने बताया कि गश्त मिलान के कई मायने होते हैं। पहले तो थाना या चौकी के पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र से गश्त करते हुए सीमा पर तक पहुंचाते हैं। इसी दौरान एक पॉइंट निर्धारित किया जाता है, जहां पर एक थाना दूसरे थाने या चौकी क्षेत्र के पुलिसकर्मी आपस में रात में मिलकर आसपास की सुरक्षा का हाल जानते हैं। इस तरह पुलिस के आवागमन से आसपास मौजूद अपराधी मौके से निकल जाता है और अपराध से जुड़ी किसी तरह की अनहोनी भी टल जाती है। पुलिस रात में सायरन का प्रयोग अधिक करती है।
हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात में गश्त के दौरान पुलिस हिस्ट्रीशीटरों का भी सत्यापन कर रही है। संबंधित अपराधी के घर और मोहल्ले में जाकर उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। किसी हिस्ट्रीशीटर की गतिविधि संदिग्ध मिलने पर संबंधित के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई भी की जा रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : खेतों में सरसों के पीले फूल...विचारों-रिश्तों की गांठ बांध भीड़ से जुड़ते गए सीएम योगी
