Kanpur News: बुर्के पर गेरुआ चादर डालकर पुलिस ऑफिस पहुंची महिला… शहर काजी पर लगाए ये गंभीर आरोप
कानपुर में बुर्के पर गेरुआ चादर डालकर पुलिस ऑफिस पहुंची महिला।
कानपुर में बुर्के पर गेरुआ चादर डालकर पुलिस ऑफिस पहुंची महिला। भाइयों पर संपत्ति हड़पने की शिकायत, सीएम के जनता दरबार से लौटने पर शहर काजी ने दुत्कारा।
कानपुर, अमृत विचार। शनिवार को एक अजीबोगरीब मामला पुलिस ऑफिस में देखने को मिला। बुर्के पर गेरुआ चादर डालकर पहुंची एक मुस्लिम महिला ने शहर काजी पर दुत्कारने के आरोप लगाए।
महिला का कहना है कि सीएम से जनता दरबार में मिलकर शहर लौटने के बाद जब वह शहर काजी के पास पहुंची तो उन्होंने उसके साथ बेजा व्यवहार किया। महिला के अनुसार काजी ने यह भी कह दिया कि ‘मुख्यमंत्री से मिलकर आई हो, इसलिए अब तुम बिरादरी और शहर में रहने लायक नहीं हो’।
महिला का आरोप है कि उसके भाइयों ने उसकी संपत्ति को हड़प लिया है। इसके साथ ही इलाके में छेड़छाड़ की शिकायत लेकर वह शहर काजी के पास गई थी, मगर वहां से न्याय नहीं मिला तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में जाकर गुहार लगाई। पुलिस कमिश्नर के यहां महिला ने कहा कि सीएम के यहां पहुंचने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो शहर काजी ने उसके साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया।
पीड़ित महिला का आरोप है कि शहर काजी ने उसके साथ गाली-गलौज की। भाइयों की ओर दी जा रही सहायता को भी रुकवा दिया। इससे वह अब दर-दर भटकने को मजबूर हो गई है। पुलिस कार्यालय में महिला ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की। इस घटना से पुलिस ऑफिस में हड़कंप मच गया।
बातचीत के दो ऑडियो भी वायरल
पीड़िता और कथित रूप से जमीयत उलेमा हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी से बातचीत के दो ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। वायरल ऑडियो की अमृत विचार समाचार पत्र पुष्टि नहीं करता है। एक ऑडियो में महिला शहर काजी की शिकायत कर रही है। जवाब में उधर से कहा जा रहा कि कानपुर के मामलात वहीं निपटाएं, उनसे इस संबंध में शिकायत की जरूरत नहीं है। शहर काजी ही देखेंगे। इस पर महिला आगे कहती है कि आप शहर काजी के भी हेड हैं इसलिए आपसे बात कर रही हूं। इस पर वह कहते हैं कि मैं किसी का हेड नहीं।
मेरे पास शिकायत आई है। पीड़िता का अपने भाइयों से विवाद चल रहा है। उसी को लेकर उन्होंने शिकायत की थी। शहर काजी पर भी आरोप लगाए हैं। प्रार्थना पत्र डीसीपी सेन्ट्रल को भेज दिया गया है। वह मामले में जांच कराएंगे। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।- अमिता सिंह, एडीसीपी महिला अपराध
ये भी पढ़ें- Kanpur News: अमृत सरोवरों की मिट्टी से रखी जाएगी रिंग रोड की नींव… इन-इन जगहों से ली जाएगी
